बीजेपी विधायक की मांग, यूपी में ‘छावा’ फिल्म को टैक्स फ्री किया जाए
उत्तर प्रदेश के बीजेपी विधायक नन्द किशोर गुज्जर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से राज्य में ‘छावा’ फिल्म को टैक्स फ्री करने की मांग की है। विधायक ने सीएम को पत्र लिखते हुए कहा कि यह फिल्म छत्रपति शिवाजी महाराज के महान त्याग और बलिदान को दर्शाती है, और इसे लड़कियों को मुफ्त में दिखाया जाना चाहिए, ताकि हर कोई शिवाजी महाराज के योगदान और सनातन धर्म की रक्षा के लिए उनकी कड़ी मेहनत को जान सके।
यह फिल्म विशेष रूप से छत्रपति शिवाजी महाराज के बेटे संभाजी महाराज की कहानी पर आधारित है। फिल्म में विकी कौशल और रश्मिका मंधाना ने प्रमुख भूमिका निभाई है। मध्यप्रदेश में भी इस फिल्म को टैक्स फ्री कर दिया गया है, जहां मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शिवाजी महाराज की जयंती के मौके पर इस निर्णय की घोषणा की थी।
विधायक नन्द किशोर गुज्जर ने यूपी सरकार से भी इसी तरह का कदम उठाने की अपील की है, ताकि शिवाजी महाराज के बलिदान को और उनके महान योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाया जा सके। उनका मानना है कि फिल्म का टैक्स फ्री होना युवाओं के बीच इतिहास के प्रति जागरूकता बढ़ाने में मदद करेगा।
Share this content:
