April 22, 2026

भारत-पाकिस्तान चैंपियंस ट्रॉफी 2025: शाहीन अफरीदी की कातिल गेंदबाजी से खौफ, क्या भारत इस बार बच पाएगा?

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला 23 फरवरी को दुबई में खेला जाएगा। दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है, खासकर पाकिस्तान के लिए, जो अपने पहले मैच में न्यूजीलैंड से हार चुका है। वहीं, भारतीय टीम ने बांग्लादेश को हराकर आत्मविश्वास से भरी हुई है। हालांकि, पाकिस्तान की टीम को भारत के खिलाफ हर हाल में जीतने के लिए शाहीन अफरीदी जैसे कातिल गेंदबाज पर निर्भर रहना होगा।

दुबई में होने वाले इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों को सतर्क रहना होगा, क्योंकि यहां के पेस-फ्रेंडली पिच पर तेज गेंदबाजों का बोलबाला रहता है। भारत और पाकिस्तान के बीच का यह मैच बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है, जहां भारत को अपने बल्लेबाजों से ज्यादा पाकिस्तान के स्टार तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी से सतर्क रहना होगा।

शाहीन अफरीदी से खतरे की घंटी

शाहीन अफरीदी, जो पहले भी भारत के खिलाफ घातक गेंदबाजी कर चुके हैं, इस बार भी भारत के बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती बन सकते हैं। भारत-बांग्लादेश के मैच में देखा गया था कि दुबई की पिच पर तेज गेंदबाजों ने अपना दबदबा कायम किया था। मोहम्मद शमी ने पांच विकेट और हर्षित राणा ने तीन विकेट चटकाए थे। इस पिच पर पाकिस्तान के शाहीन अफरीदी भारतीय बल्लेबाजों के लिए बड़ी मुसीबत बन सकते हैं। उनके पास न केवल तेज गति है, बल्कि विविधताएँ भी हैं, जो उन्हें भारत के खिलाफ असरदार साबित कर सकती हैं।

टी-20 वर्ल्ड कप 2021: शाहीन का कहर

पाकिस्तान के शाहीन अफरीदी ने 2021 के टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान दुबई में भारत के खिलाफ जो कहर बरपाया था, वह भारतीय क्रिकेट फैंस के जहन में अब तक ताजा है। उसी मैच में शाहीन ने भारत के शीर्ष क्रम को तहस-नहस कर दिया था। उन्होंने पहले ही ओवर में रोहित शर्मा को बिना खाता खोले LBW किया। फिर अगले ओवर में केएल राहुल को मात्र 3 रन पर बोल्ड कर दिया। इसके बाद शाहीन ने विराट कोहली का भी विकेट झटका था, जिन्होंने 49 गेंदों में 57 रन बनाए थे। पाकिस्तान ने उस मैच को 10 विकेट से जीतते हुए भारत को चौंका दिया था। अब, इस बार भी भारतीय टीम को इन तीन दिग्गज बल्लेबाजों – रोहित, विराट, और राहुल – से मुकाबला करना होगा। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या शाहीन दुबई के इस मैदान पर एक बार फिर भारतीय टीम के बल्लेबाजों के लिए सिरदर्द साबित होते हैं।

शाहीन अफरीदी का वनडे करियर

शाहीन अफरीदी का क्रिकेट करियर सात साल पुराना है। 2018 में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखने वाले शाहीन ने अब तक 65 वनडे मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 125 विकेट चटकाए हैं। उनका वनडे में औसत 25 से भी कम और इकोनॉमी रेट 5.59 का है, जो यह बताता है कि वे बेहद प्रभावी गेंदबाज हैं। उनके लिए यह चैंपियंस ट्रॉफी एक महत्वपूर्ण अवसर है, और भारतीय बल्लेबाजों को उनके खिलाफ सावधान रहना होगा।

अब देखना होगा कि भारतीय टीम इस बार शाहीन अफरीदी के सामने किस रणनीति के साथ उतरेगी। क्या टीम इंडिया पिछले टी-20 वर्ल्ड कप की हार का बदला ले पाएगी, या शाहीन अफरीदी एक बार फिर अपने घातक खेल से भारत को मात देंगे? इस रोमांचक मुकाबले को लेकर फैंस में उम्मीदों और डर का मिला-जुला माहौल है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!