April 22, 2026

कनाडा की सबसे बड़ी सोने की चोरी के मास्टरमाइंड सिमरन प्रीत पनेसर पर ED की बड़ी छापेमारी, फरारी के बाद हुआ जांच शुरू

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार को मोहाली में 32 वर्षीय सिमरन प्रीत पनेसर के घर पर छापेमारी की। पनेसर, जो कनाडा की सबसे बड़ी सोने की चोरी का मास्टरमाइंड है, पर आरोप है कि उसने कनाडा से 400 किलो सोना और करोड़ों डॉलर की विदेशी मुद्रा चोरी कर भारत भाग गया। इस मामले में पनेसर और उसकी पत्नी प्रीति से चंडीगढ़ स्थित ईडी कार्यालय में पूछताछ की गई, हालांकि पूछताछ के विवरण अभी तक सामने नहीं आए हैं।

ईडी ने सुबह करीब सात बजे मोहाली के सेक्टर-79 स्थित पनेसर के घर पर रेड की, जो लगभग नौ घंटे तक चली। ईडी अधिकारियों ने पनेसर के घर और होशियारपुर में उसके ससुर के व्यापारिक प्रतिष्ठानों से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज जब्त किए हैं, जिनका विश्लेषण किया जा रहा है।

यह चोरी 2023 में कनाडा के टोरंटो स्थित पियर्सन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुई थी, जब एयरपोर्ट के कार्गो कांप्लेक्स से 6600 सोने की छड़ें और 25 लाख डॉलर की विदेशी मुद्रा चोरी की गई थी। पनेसर तब एयर कनाडा के ऑपरेशन कंट्रोल डिपार्टमेंट में एक्टिंग सुपरवाइजर था। चोरी के बाद वह कनाडा छोड़कर भारत आ गया और इस घटना से जुड़े सीसीटीवी, फोन कॉल्स, मैसेज और कार्गो सिस्टम में हेरफेर की जांच जारी है।

पनेसर और उसके दोस्तों के बीच 772 कॉल्स भी ट्रैक किए गए हैं, जिससे उसके इस बड़े ऑपरेशन की गहरी साजिश की पुष्टि हो रही है। ईडी की इस छापेमारी ने अब इस बहुचर्चित मामले में नई जान डाल दी है, और यह देखना होगा कि पनेसर को भारत में गिरफ्तार किया जाता है या वह फिर से फरार हो जाता है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!