April 19, 2026

बिजली जैसी रफ्तार से दौड़ने वाली जापान की बुलेट ट्रेन में इस्तेमाल होती है एडवांस टेक्नोलॉजी, भारत को भी मिलेगा फायदा

जापान की बुलेट ट्रेनें अपनी रफ्तार, सुरक्षा और अत्याधुनिक तकनीक के लिए दुनियाभर में मशहूर हैं। इन्हें शिंकानसेन हाई-स्पीड रेल लाइन पर चलाया जाता है, जिसका मतलब होता है ‘नई मेन लाइन’। इन ट्रेनों का निर्माण हिताची और कावासाकी हैवी इंडस्ट्रीज जैसी जापानी कंपनियां करती हैं। भारत सरकार अपने पहले बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट मुंबई-अहमदाबाद के लिए शिंकानसेन की लेटेस्ट E10 सीरीज ट्रेन के साथ शुरुआत करने की योजना बना रही है। वहीं, ट्रायल और टेस्टिंग के लिए जापान की ओर से E3 और E5 बुलेट ट्रेन मुफ्त में भेजी जा सकती हैं।

शिंकानसेन लाइन के लिए ट्रेन बनाने वाली कंपनी हिताची कई अत्याधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल करती है, जो इन ट्रेनों को न सिर्फ बिजली की रफ्तार से दौड़ने में सक्षम बनाती हैं, बल्कि इन्हें बेहद आरामदायक और सुरक्षित भी बनाती हैं। इन ट्रेनों में ईएमयू (Electric Multiple Unit) तकनीक का इस्तेमाल होता है, जिसमें हर कोच अपने अलग ट्रैक्शन मोटर से लैस होता है। इससे ट्रेन को अलग से इंजन की जरूरत नहीं होती और इसकी स्पीड काफी बढ़ जाती है। इसके अलावा, ट्रेन का एयरोडायनैमिक डिजाइन और दमदार ट्रैक्शन सिस्टम इसे और अधिक प्रभावशाली बनाता है।

बुलेट ट्रेन की तेज रफ्तार के पीछे सबसे बड़ी तकनीक मैगलेव यानी मैग्नेटिक लैविटेशन है। इस तकनीक में शक्तिशाली चुंबकों का उपयोग होता है, जो ट्रेन को ट्रैक से ऊपर उठाकर हवा में दौड़ाते हैं। मैगलेव टेक्नोलॉजी में ट्रेन के पहिए ट्रैक को छूते नहीं, बल्कि चुंबकीय शक्ति की मदद से हवा में तैरते हुए चलते हैं। इससे ट्रेन की गति बहुत अधिक हो जाती है, आवाज कम होती है और मेंटेनेंस कॉस्ट भी घटती है। इस तकनीक में चुंबक रेल ट्रैक में मौजूद मेटल लूप्स के साथ मिलकर इलेक्ट्रिक करंट पैदा करते हैं, जिससे एक मजबूत मैग्नेटिक फील्ड बनता है। इसी प्रक्रिया में अट्रैक्शन और रिपल्शन का उपयोग कर ट्रेन को आगे बढ़ाया जाता है। जापान की यह एडवांस टेक्नोलॉजी अब भारत की रेलवे व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव ला सकती है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!