April 17, 2026

बेंगलुरु/पुणे: तिरंगे के कथित अपमान को लेकर हार्दिक पांड्या के खिलाफ शिकायत, पुलिस से FIR दर्ज करने की मांग

isrjeu2s_sc_625x300_12_March_26

भारत की टी20 वर्ल्ड कप जीत के जश्न के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर Hardik Pandya एक नए विवाद में घिर गए हैं। उनके खिलाफ राष्ट्रीय ध्वज के कथित अपमान को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई है। यह शिकायत पुणे के वकील वाजिद खान बिडकर ने दी है, जिन्होंने मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस को लिखित आवेदन देकर क्रिकेटर के खिलाफ जांच कराने की अपील की है। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक शिकायत बेंगलुरु के शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में दी गई है, जबकि Press Trust of India की रिपोर्ट में इसे पुणे के शिवाजी नगर थाने में दर्ज बताया गया है।

 

शिकायत में कहा गया है कि भारत की जीत के बाद जश्न के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिनमें हार्दिक पांड्या कंधे पर तिरंगा लपेटकर मैदान पर दौड़ते और जश्न मनाते दिखाई दे रहे हैं। वकील का आरोप है कि एक वीडियो में पांड्या अपनी गर्लफ्रेंड के साथ मंच पर लेटे हुए नजर आते हैं और उस समय भी उनके शरीर पर तिरंगा लिपटा हुआ था। शिकायतकर्ता के अनुसार इस तरह का व्यवहार राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के खिलाफ है और इसकी जांच होनी चाहिए।

 

वाजिद खान बिडकर ने कहा कि भारत के राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है और इसके लिए कानून भी बना हुआ है। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज से जुड़े कानून का हवाला देते हुए कहा कि तिरंगे का इस्तेमाल सम्मानजनक तरीके से ही किया जाना चाहिए। उनका कहना है कि जश्न के दौरान जिस तरह से तिरंगे का इस्तेमाल हुआ, वह राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा के खिलाफ हो सकता है, इसलिए पुलिस को इस मामले में कार्रवाई करनी चाहिए।

 

शिकायतकर्ता के अनुसार शुरुआत में पुलिस ने कहा कि घटना अहमदाबाद में हुई है, इसलिए वहीं शिकायत करनी चाहिए। हालांकि उन्होंने यह तर्क दिया कि राष्ट्रीय ध्वज पूरे देश का प्रतीक है और उससे जुड़े मामलों पर कहीं भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत स्वीकार कर ली है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं दूसरी ओर हार्दिक पांड्या ने टी20 वर्ल्ड कप जीत को अपने व्यक्तिगत संकल्प की पूर्ति बताते हुए कहा है कि टीम आगे भी इसी तरह जीत के लिए खेलती रहेगी।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!