May 1, 2026

Air India ने फ्यूल कंट्रोल स्विच का निरीक्षण किया पूरा, सिस्टम में नहीं मिली कोई खामी

एयर इंडिया ने अपने बोइंग 787 विमानों में फ्यूल कंट्रोल स्विच को लॉक करने वाली प्रणाली का पूरा निरीक्षण कर लिया है। टाटा ग्रुप के अधीन आने वाली इस एयरलाइन ने बताया कि सभी विमानों में यह प्रणाली सामान्य पाई गई और कोई तकनीकी खामी नहीं मिली। यह जांच एयर इंडिया के विमान हादसे की प्रारंभिक रिपोर्ट आने के बाद की गई, जिसमें टेक-ऑफ के तुरंत बाद फ्यूल स्विच बंद होने की बात सामने आई थी।

गौरतलब है कि पिछले महीने अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरते ही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 क्रैश हो गई थी। इस भीषण हादसे में कुल 297 लोगों की जान गई थी, जिनमें से 241 यात्री विमान में सवार थे। हादसे की जांच में पता चला था कि विमान के दोनों इंजन में फ्यूल देने वाले स्विच टेक-ऑफ के चंद सेकंड बाद बंद हो गए थे, जिससे फ्यूल सप्लाई रुक गई और विमान गिर गया।

एयर इंडिया के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वीकेंड में इंजीनियरिंग टीम ने सभी बोइंग 787 विमानों का एहतियाती निरीक्षण किया। पायलटों को भेजे गए इंटरनल मैसेज में कहा गया कि फ्यूल कंट्रोल स्विच लॉकिंग सिस्टम में कोई दोष नहीं मिला है और सभी सिस्टम सही तरह से काम कर रहे हैं।

फ्यूल कंट्रोल स्विच (एफसीएस) थ्रॉटल कंट्रोल मॉड्यूल का हिस्सा होते हैं, जो इंजन में फ्यूल के प्रवाह को नियंत्रित करते हैं। बोइंग के मेंटेनेंस प्रोग्राम के अनुसार यह मॉड्यूल बोइंग 787-8 विमानों में अनिवार्य है।

हवाई दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो (AAIB) ने शनिवार को अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट में बताया कि हादसे का मुख्य कारण टेक-ऑफ के दौरान फ्यूल कंट्रोल स्विच का बंद हो जाना था। इस वजह से इंजन में फ्यूल नहीं पहुंच सका और विमान ने उड़ान भरते ही काम करना बंद कर दिया।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!