May 5, 2026

अफगानिस्तान में 6 साल की बच्ची से जबरन शादी, 45 साल के दूल्हे और पिता को तालिबान ने किया गिरफ्तार

अफगानिस्तान के हेलमंद प्रांत से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 45 वर्षीय व्यक्ति ने 6 साल की मासूम बच्ची को खरीदकर उससे शादी कर ली। इस घटना ने पूरे देश में आक्रोश पैदा कर दिया है। अमेरिकी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, तालिबान ने इस मामले पर कार्रवाई करते हुए बच्ची के पिता और दूल्हे को गिरफ्तार किया है। हालांकि, अभी तक किसी पर कोई कानूनी आरोप तय नहीं किया गया है। शादी को फिलहाल रोक दिया गया है, लेकिन यह अब भी वैध मानी जा रही है। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि आरोपी के पहले से ही दो पत्नियां हैं और उसने तीसरी शादी के लिए बच्ची के परिवार को पैसे दिए थे।

तालिबान के शासन के बाद अफगानिस्तान में बाल विवाह के मामलों में तेजी आई है। लड़कियों पर लगाए गए सख्त प्रतिबंधों और आर्थिक बदहाली ने हालात को और बदतर बना दिया है। यूनिसेफ और संयुक्त राष्ट्र महिला एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले कुछ वर्षों में बाल विवाह 25% और बच्चों के जन्म की दर 45% तक बढ़ी है। अफगानिस्तान दुनिया में बाल वधुओं की सबसे बड़ी संख्या वाला देश बन चुका है।

गरीबी से जूझते गांवों में बच्चियों का सौदा आज भी किया जा रहा है, जहां उन्हें उनके रूप, सेहत और शिक्षा के आधार पर कीमत लगाकर बेचा जाता है। गांवों में काम कर रहे सामाजिक कार्यकर्ताओं के अनुसार, कई परिवार अपनी बेटियों को महज गुज़ारे के लिए बेचने पर मजबूर हैं और कोई उनकी मदद को आगे नहीं आता। अफसोस की बात यह है कि इस गहराते मानवीय संकट के बीच बच्चियों का बचपन और भविष्य दोनों अंधेरे में खोते जा रहे हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!