BJP महिला मोर्चा की प्रदेश प्रवासी बैठक में गूंजी चुनावी रणनीति, 403 महिला विस्तारकों को सौंपी जनसंपर्क की जिम्मेदारी
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश प्रवासी बैठक शुक्रवार को लखनऊ स्थित विश्वैश्वरैया प्रेक्षागृह में सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन की मजबूती और मातृशक्ति के बीच व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, प्रदेश सह प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद डॉ. मेधा कुलकर्णी, भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी तथा प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने महिला विस्तारक बहनों से सीधा संवाद कर उनका मार्गदर्शन किया। बैठक में गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली, बिहार, झारखंड, राजस्थान और महाराष्ट्र सहित आठ राज्यों से आईं 403 महिला विस्तारक बहनों ने सहभागिता की। वरिष्ठ नेताओं ने महिला कार्यकर्ताओं से केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार की महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं एवं उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
403 विधानसभा क्षेत्रों में घर-घर पहुंचेगी महिला शक्ति: विनोद तावड़े
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने कहा कि प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में महिला विस्तारक बहनों को प्रवास के माध्यम से व्यापक जनसंपर्क अभियान को गति देनी है। महिला विस्तारकों को घर-घर पहुंचकर आमजन और मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करना होगा तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचानी होगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को संगठन से जोड़ते हुए बूथ स्तर तक भाजपा की पहुंच और प्रभाव को और अधिक मजबूत करना है। महिला विस्तारकों की सक्रियता से संगठन को जमीनी स्तर पर नई मजबूती मिलेगी और मातृशक्ति के बीच पार्टी का संवाद और अधिक प्रभावी होगा।
आगामी विधानसभा चुनाव में महिला शक्ति की भूमिका होगी निर्णायक: पंकज चौधरी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव केवल राजनीतिक तैयारी का विषय नहीं है, बल्कि यह संगठन की सामूहिक शक्ति, जनविश्वास और व्यापक जनसंपर्क का अभियान है। इस अभियान में महिला शक्ति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने महिला विस्तारक बहनों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाने तथा सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
भाजपा की बहनें हैं पार्टी की स्टार प्रचारक: केशव प्रसाद मौर्य
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में बहनें केवल महिला कार्यकर्ता नहीं हैं, बल्कि वे पार्टी की स्टार प्रचारक हैं। मातृशक्ति के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें भाजपा की विचारधारा और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का काम करना है। उन्होंने कहा कि महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन का आधार और अधिक मजबूत होगा।
भयमुक्त उत्तर प्रदेश और महिलाओं की सुरक्षा का संदेश घर-घर पहुंचाएं : ब्रजेश पाठक
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश भयमुक्त हुआ है और मां, बहनें तथा बेटियां सुरक्षित हैं। महिला विस्तारक बहनों को यही संदेश लेकर समाज के बीच जाना है और महिलाओं से संवाद स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों और सुरक्षा से जुड़े प्रयासों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में महिला कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका रहेगी।
हर विधानसभा क्षेत्र में संगठन की मजबूती पर जोर: धर्मपाल सिंह
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि महिला विस्तारक बहनें अपने अनुभव, समर्पण और संगठनात्मक कौशल के साथ उत्तर प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पहुंचें। उन्हें पार्टी की विचारधारा और सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच संवाद स्थापित करना है। उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर काम करने पर जोर दिया।
तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के संकल्प के साथ मैदान में उतरेगी मातृशक्ति: मेधा कुलकर्णी
प्रदेश सह प्रभारी एवं राज्यसभा सदस्य डॉ. मेधा कुलकर्णी ने कहा कि महिला मोर्चा की बहनें प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में संगठन की मजबूत कड़ी बनकर काम करेंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने के संकल्प के साथ मातृशक्ति पूरी ताकत और प्रतिबद्धता से मैदान में उतरेगी। महिला विस्तारकों का जनसंपर्क अभियान संगठन को नई ऊर्जा देने के साथ ही चुनावी तैयारियों को भी मजबूती प्रदान करेगा।
भाजपा की नीतियों और विकास के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाएंगी महिलाएं: रूप कुमारी चौधरी
भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि मातृशक्ति भाजपा की नीतियों, नेतृत्व और विकास के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ तैयार है। उन्होंने महिला विस्तारक बहनों से संगठन के उद्देश्यों को प्राथमिकता देते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचने और महिलाओं को पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया।
एकजुटता और कार्यकर्ताओं का परिश्रम बनेगा जीत का आधार : सरोज कुशवाहा
महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने कहा कि संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं का परिश्रम और मातृशक्ति का संकल्प आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की विजय का मजबूत आधार बनेगा। उन्होंने महिला विस्तारक बहनों से पूरी सक्रियता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने में योगदान देने की अपील की।
मुख्यमंत्री की माताजी के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि
बैठक की शुरुआत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी श्रीमती सावित्री देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। उपस्थित सभी नेताओं एवं महिला विस्तारक बहनों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा की शांति तथा शोकाकुल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
Share this content:
