OLX पर बाइक खरीदने के बहाने ठगी, टेस्ट ड्राइव के नाम पर मोटरसाइकिल लेकर फरार हुआ शातिर गिरफ्तार
लखनऊ। OLX पर मोटरसाइकिल खरीदने के बहाने धोखाधड़ी कर बाइक लेकर फरार होने वाले शातिर आरोपी को कैंट पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने बाइक देखने और टेस्ट ड्राइव लेने के बहाने मालिक को झांसे में लिया और उसकी मोटरसाइकिल लेकर रफूचक्कर हो गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई अवेंजर मोटरसाइकिल के साथ एक फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अन्य संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
OLX पर बाइक बेचने का विज्ञापन देखकर किया संपर्क
पुलिस के मुताबिक, नीलमथा निवासी मेराज अली ने अपनी मोटरसाइकिल बिक्री के लिए OLX पर अपलोड की थी। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उनसे संपर्क कर बाइक खरीदने की इच्छा जताई। बातचीत के बाद 18 अगस्त 2026 को आरोपी मोटरसाइकिल देखने के बहाने मेराज अली के पास पहुंचा। उसने अपनी मोटरसाइकिल वहां खड़ी कर दी और मेराज की बाइक टेस्ट ड्राइव के लिए मांगी। भरोसे में आए मेराज ने उसे मोटरसाइकिल चलाने के लिए दे दी, लेकिन आरोपी टेस्ट ड्राइव के बहाने बाइक लेकर फरार हो गया।
काफी तलाश के बाद भी नहीं मिला बाइक का सुराग
काफी देर तक आरोपी के वापस नहीं लौटने पर मेराज अली ने उससे फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं की। इसके बाद पीड़ित ने अपने स्तर से मोटरसाइकिल की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने कैंट थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी और तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
ठंडी सड़क तिराहे पर चेकिंग के दौरान गिरफ्तारी
मामले की जांच के क्रम में कैंट पुलिस की टीम ने 16 नवंबर 2026 को ठंडी सड़क तिराहे पर चेकिंग के दौरान संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान मो. सलमान (33) निवासी बाजारखाला, लखनऊ के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से मेराज अली की चोरी की गई अवेंजर मोटरसाइकिल और एक फर्जी नंबर प्लेट बरामद की। बरामदगी के बाद पुलिस ने मुकदमे में बीएनएस की अन्य संबंधित धाराएं बढ़ा दी हैं। आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Share this content:
