लखनऊ में रजाई-गद्दे की दुकान में लगी भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी, पुलिस और फायर सर्विस ने आग पर पाया काबू

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के तेलीबाग स्थित रमजान नगर चौराहे के पास सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रजाई-गद्दे की एक दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखा सामान धू-धूकर जलने लगा। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दुकान के पास खड़ी एक स्कूटी और चारपहिया वाहन भी इसकी चपेट में आ गए। तस्वरों में आप देख सकते हैं कि किस तरह एक युवक बाल्टी से आग बुझाने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है..वहीं घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।

पुलिस के मुताबिक, सोमवार को डायल 112 के माध्यम से दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां इब्राहिम की रजाई-गद्दे की दुकान आग की लपटों से घिरी हुई थी। आग तेजी से फैल रही थी और आसपास खड़े वाहनों को भी अपनी चपेट में ले रही थी। इस दौरान स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में पुलिस और फायर सर्विस की टीम की मदद से आग पर काबू पाया जा सका है।

आग लगने के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि दुकान और पास खड़े वाहनों को नुकसान पहुंचा है। आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार, घटना के कारणों का पता लगाने के लिए मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

Share this content:

About The Author

You may have missed