शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर बीजेपी महिला मोर्चा सक्रिय: महिला शिक्षकों और स्नातक मतदाताओं तक पहुंच बनाने की बनी रणनीति
लखनऊ। शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने संगठनात्मक स्तर पर अपनी सक्रियता तेज कर दी है। चुनावी तैयारियों को धार देने और संगठन के सभी स्तरों पर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने वर्चुअल बैठक की। बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों के साथ जिला और मंडल स्तर की टीम के सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए विभिन्न स्तरों पर संगठन की भूमिका, जिम्मेदारियों और आगामी गतिविधियों को लेकर चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करने और चुनाव से संबंधित दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए।
महिला शिक्षकों और स्नातक मतदाताओं तक पहुंच बनाने की रणनीति
बैठक में महिला शिक्षकों, प्राध्यापकों और स्नातक मतदाताओं से संपर्क अभियान को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। पदाधिकारियों से कहा गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संबंधित मतदाताओं से संवाद स्थापित करें और उन्हें मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज होने की जानकारी प्राप्त करने के लिए जागरूक करें। इसके साथ ही संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने तथा कार्यकर्ताओं के सहयोग से निर्धारित कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए। महिला मोर्चा का जोर महिला मतदाताओं के बीच संगठन की पहुंच बढ़ाने और चुनावी तैयारियों को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने पर है।
जिला और मंडल स्तर पर गतिविधियों की होगी समीक्षा
प्रदेश नेतृत्व की ओर से जिला और मंडल स्तर पर चुनाव संबंधी गतिविधियों की जानकारी साझा करने तथा संपर्क अभियान की नियमित निगरानी पर भी बल दिया गया। पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाए रखते हुए निर्धारित कार्यक्रमों को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाएं। साथ ही, चुनावी तैयारियों की प्रगति की नियमित समीक्षा करने और संगठन के विभिन्न स्तरों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। भाजपा महिला मोर्चा की यह पहल शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव के मद्देनजर संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने और महिला मतदाताओं तक प्रभावी पहुंच बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
Share this content:
