श्रद्धा दुबे का करीबी दोस्त आमिर शेख गिरफ्तार: नेपाल भगाने में निभाई थी अहम भूमिका, STF की पूछताछ में खुल सकते हैं कई राज

लखनऊ। शिवा शर्मा हत्याकांड की जांच में उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। लखनऊ पुलिस की जांच के बाद अब एसटीएफ इस मामले में आरोपियों के मददगारों और उनके नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। बीते मंगलवार को नागपुर से श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश को गिरफ्तार किए जाने के बाद अब एसटीएफ ने श्रद्धा के पुराने दोस्त आमिर शेख को भी गिरफ्तार किया है। सूत्रों के मुताबिक, आमिर ने वारदात के बाद श्रद्धा को फरार कराने और उसे नेपाल बॉर्डर तक सुरक्षित पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। उसकी गिरफ्तारी को मामले में फरार होने के दौरान आरोपियों को मदद पहुंचाने वाले नेटवर्क की जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक 9 अक्टूबर को शिवा शर्मा की मौत के बाद श्रद्धा दुबे के फरार होने में आमिर शेख ने मदद की थी। जांच में सामने आया है कि आमिर ने श्रद्धा के लिए कथित तौर पर फर्जी पहचान पत्र का इस्तेमाल कर सिम कार्ड खरीदा था। इस सिम कार्ड के जरिए श्रद्धा ने पुलिस की सर्विलांस टीम से बचने की कोशिश की। जांच एजेंसियों को यह भी जानकारी मिली है कि शिवा शर्मा की मौत के समय आमिर घटनास्थल के आसपास मौजूद था। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की जांच और पूछताछ के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

श्रद्धा के साथ नेपाल भागा था आमिर

जांच से जुड़े सूत्रों का दावा है कि वारदात के बाद श्रद्धा दुबे अपनी बहन रश्मि दुबे और अपने बॉयफ्रेंड आमिर शेख के साथ नेपाल चली गई थी। आमिर पर आरोप है कि उसने श्रद्धा को पुलिस की गिरफ्त से बचाने और नेपाल पहुंचने में मदद की। फर्जी आईडी के जरिए सिम कार्ड हासिल करने से लेकर फरारी के दौरान संपर्क बनाए रखने तक, उसकी भूमिका की जांच की जा रही है। एसटीएफ अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि श्रद्धा को फरार होने में किन अन्य लोगों ने मदद की और इस पूरे घटनाक्रम में कौन-कौन शामिल था।

आमिर से पूछताछ में खुल सकते हैं कई राज

श्रद्धा दुबे का करीबी साथी आमिर शेख की गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ उससे पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियों का मुख्य फोकस श्रद्धा दुबे के अन्य मददगारों, करीबियों और फरारी के दौरान उसे सहयोग देने वाले लोगों की पहचान करना है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नेपाल भागने की योजना कब बनाई गई, इसमें किन लोगों की भूमिका रही और आरोपियों ने पुलिस की निगरानी से बचने के लिए किन तरीकों का इस्तेमाल किया। माना जा रहा है कि आमिर से पूछताछ के आधार पर जांच एजेंसियां मामले से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश करेंगी।

वहीं दूसरी ओर पुलिस टीम श्रद्धा दुबे को नागपुर से सड़क मार्ग के जरिए लखनऊ लाने की तैयारी कर रही है। उसकी गिरफ्तारी से पहले मीडिया से बातचीत का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें श्रद्धा ने शिवा शर्मा की मौत को लेकर अपना पक्ष रखा। श्रद्धा का दावा है कि शिवा ने उसके सामने चौथी मंजिल से छलांग लगाकर जान दी थी। उसने यह भी आरोप लगाया कि शिवा की मां उसे पसंद नहीं करती हैं और इसी वजह से उस पर हत्या के झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। श्रद्धा के इन दावों की पुष्टि होना बाकी है। मामले में पुलिस की जांच और पूछताछ के बाद ही घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Share this content:

About The Author

You may have missed