लखनऊ में गैस एजेंसी के गोदाम पर बदमाशों का धावा: असलहों के साथ गोदाम में घुसकर लुट को दिया अंजाम, क्या है पूरा मामला

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एक गैस एजेंसी के गोदाम को निशाना बनाकर लूटपाट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। पुरैना गांव स्थित भारत गैस एजेंसी के गोदाम में देर रात घुसे आरोपियों ने वहां काम कर रहे मजदूरों के साथ मारपीट की और गोदाम में रखे 409 खाली गैस सिलेंडर तथा मजदूरों की मजदूरी के 22 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। घटना के दौरान बदमाशों ने मजदूरों को जान से मारने की धमकी भी दी। एजेंसी संचालक ने एक मजदूर को जबरन अपने साथ ले जाने का आरोप भी लगाया है। राजधानी में लगातार सामने आ रही चोरी और लूट की घटनाओं के बीच इस वारदात ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

गैस एजेंसी के संचालक इस्लाम अहमद अब्बासी ने काकोरी थाने में शिकायत देकर मोहम्मद यूसुफ समेत पांच नामजद व अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में मारपीट, लूटपाट, जान से मारने की धमकी देने और एक मजदूर को जबरन उठाकर ले जाने के आरोप लगाए गए हैं। एजेंसी संचालक की ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक, आरोपियों ने पहले गोदाम पहुंचकर वहां काम करने वाले मजदूरों से पूछताछ की और फिर कुछ समय बाद वापस लौट गए। इसके बाद देर रात दोबारा गोदाम में पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पहले कार से पहुंचे, फिर देर रात असलहों के साथ गोदाम में घुसे

एजेंसी संचालक इस्लाम अहमद अब्बासी की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, घटना वाले दिन शाम करीब पांच बजे मोहम्मद यूसुफ चार अन्य साथियों के साथ कार से पुरैना स्थित गैस गोदाम पहुंचा था। वहां उसने काम कर रहे मजदूरों से इधर-उधर की पूछताछ की और कुछ देर बाद वहां से चला गया। आरोप है कि देर रात पांचों आरोपी अवैध असलहों से लैस होकर दोबारा गोदाम परिसर में घुस आए। उस समय गोदाम में मौजूद मजदूर रात का खाना बना रहे थे। बदमाशों ने पहुंचते ही मजदूरों पर हमला कर दिया और उन्हें बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। आरोपियों ने मजदूरों का बना हुआ खाना भी जमीन पर फेंक दिया। इसके बाद गोदाम के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे 409 खाली गैस सिलेंडर गाड़ियों में लाद लिए। बदमाश मजदूरों की मजदूरी के लिए रखे 22 हजार रुपये नकद भी लेकर फरार हो गए।

मजदूरों को धमकाकर भगाया, प्रमोद कुमार को जबरन ले जाने का आरोप

शिकायतकर्ता के मुताबिक, लूटपाट और मारपीट के बाद आरोपियों ने मजदूरों को धमकाते हुए गोदाम से भगा दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी ने पुलिस या एजेंसी मालिक को घटना की जानकारी दी तो उसे जान से मार दिया जाएगा। एजेंसी संचालक ने बताया कि रात करीब 12 बजे उनके कंप्यूटर ऑपरेटर धीरज कुमार ने फोन कर वारदात की जानकारी दी। इसके बाद घटना की गंभीरता सामने आई। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि बदमाश गोदाम में काम करने वाले प्रमोद कुमार नाम के मजदूर को जबरन अपने साथ ले गए। घटना के बाद से उसका कोई पता नहीं चलने की बात कही गई है। मजदूर के लापता होने का आरोप मामले को और गंभीर बना रहा है।

गोदाम की दीवारें क्षतिग्रस्त, सीसीटीवी कैमरे भी टूटे मिले

एजेंसी संचालक के अनुसार, घटना के बाद सुबह जब वह गोदाम पहुंचे तो वहां की स्थिति देखकर हैरान रह गए। गोदाम की चारों तरफ की दीवारें क्षतिग्रस्त मिलीं, जबकि सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे भी टूटे हुए थे। संचालक का दावा है कि कैमरे तोड़े जाने से ठीक पहले की कुछ तस्वीरें और अन्य डिजिटल साक्ष्य उनके पास सुरक्षित हैं। उन्होंने इन साक्ष्यों को पुलिस को सौंपने की बात कही है। अब पुलिस इन साक्ष्यों की जांच कर आरोपियों की पहचान और घटना में उनकी भूमिका का पता लगाने में जुटी है। साथ ही, लूटे गए सिलेंडरों की बरामदगी और कथित तौर पर लापता मजदूर के संबंध में भी जांच की आवश्यकता है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, घटनास्थल का निरीक्षण कर रही टीमें

काकोरी थाना प्रभारी सतीश चंद्र राठौर ने बताया कि गैस एजेंसी संचालक की ओर से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें घटनास्थल का निरीक्षण कर रही हैं और मामले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों, उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों और अन्य संभावित सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों और आरोपियों की भूमिका की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Share this content:

About The Author

You may have missed