IRCTC लाया है ‘रण ऑफ कच्छ और केवड़िया’ घूमने का सुनहरा मौका: फ्लाइट, होटल और भोजन की सुविधा, कैसे करें बुकिंग
लखनऊ। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम के क्षेत्रीय कार्यालय, लखनऊ की ओर से ‘रण ऑफ कच्छ के साथ केवड़िया’ का विशेष हवाई टूर पैकेज शुरू किया जा रहा है। सात रात और आठ दिन का यह टूर 21 से 28 नवंबर 2026 तक संचालित होगा। इसमें अहमदाबाद, केवड़िया, कच्छ, भुज और राजकोट के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
इस पैकेज के तहत यात्रियों के लिए लखनऊ से अहमदाबाद और राजकोट से लखनऊ तक हवाई यात्रा की व्यवस्था की गई है। ठहरने और भोजन की सुविधा तीन सितारा होटल एवं कैंप में उपलब्ध कराई जाएगी। यात्रा के दौरान अक्षरधाम मंदिर, रिवरफ्रंट, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, स्वामीनारायण मंदिर (नीलकंठधाम), रण उत्सव, काला डूंगर, गांधी नु गाम, शरद बाग पैलेस, स्मृतिवन भूकंप स्मारक और बाला हनुमान मंदिर सहित प्रमुख स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
प्रति व्यक्ति पैकेज का किराया
आईआरसीटीसी के अनुसार, एक व्यक्ति के अकेले ठहरने पर पैकेज का मूल्य 85,300 रुपये, दो व्यक्तियों के एक साथ ठहरने पर प्रति व्यक्ति 62,500 रुपये और तीन व्यक्तियों के एक साथ ठहरने पर प्रति व्यक्ति 59,900 रुपये है। माता-पिता के साथ यात्रा करने वाले बच्चे के लिए बेड सहित पैकेज का मूल्य 54,100 रुपये और बिना बेड के 42,100 रुपये प्रति बच्चा निर्धारित किया गया है।
यहां कराएं बुकिंग
टूर पैकेज की बुकिंग ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर की जाएगी। इच्छुक यात्री पर्यटन भवन, गोमती नगर, लखनऊ स्थित आईआरसीटीसी कार्यालय या आधिकारिक वेबसाइट www.irctctourism.com के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग करा सकते हैं।
Share this content:
