गोमती नगर जैन मंदिर में श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का भव्य शुभारंभ: आचार्य श्री सुबल सागर जी महाराज ने बताया सिद्धचक्र विधान का महत्व
लखनऊ। राजधानी के गोमती नगर स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर में आज से परम पूज्य सिद्धचक्र आराधक आचार्य श्री 108 सुबल सागर जी महाराज ससंघ के सानिध्य में श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का भव्य शुभारंभ हुआ। यह धार्मिक आयोजन 21 अक्टूबर 2026 तक पंडित अरविंद शास्त्री (दिल्ली) के निर्देशन एवं पंडित पीयूष (लखनऊ) के सहयोग से संगीतमय भक्ति और श्रद्धा के साथ आयोजित किया जा रहा है। विधान के प्रथम दिन भगवान का अभिषेक, शांतिधारा, महिलाओं द्वारा घटयात्रा तथा सिद्धचक्र पूजन संपन्न हुआ। शाम को सिद्धचक्र विधान की भव्य आरती की गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ भाग लिया।
इस खास अवसर पर अपने प्रवचन में आचार्य श्री सुबल सागर जी महाराज ने सिद्धचक्र महामंडल विधान का महत्व बताते हुए कहा कि यह सिद्ध परमात्माओं की आराधना और अपनी आत्मा के कल्याण का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके माध्यम से आत्मशुद्धि, कर्मों की निर्जरा तथा सम्यक दर्शन, सम्यक ज्ञान और सम्यक चरित्र की भावना को दृढ़ करने की प्रेरणा मिलती है। साधक भगवान के गुणों का स्मरण कर आत्मकल्याण और मोक्षमार्ग पर आगे बढ़ने का संकल्प लेता है। आचार्य श्री ने कहा कि इस विधान का मूल उद्देश्य केवल सांसारिक सुखों की प्राप्ति नहीं, बल्कि आत्मा को राग-द्वेष से मुक्त करना और उसके शुद्ध स्वरूप को समझना है। हम सभी को जिनेंद्र भगवान द्वारा बताए गए अहिंसा, अपरिग्रह, वीतरागता और आत्मसंयम के मार्ग पर चलने का प्रयास करना चाहिए।
बड़ी संख्या मे श्रद्धालु हुए शामिल
विधान में श्रीपाल एवं मैनासुंदरी के रूप में विनय कपूर एवं अर्चना जैन, सौधर्म इंद्र के रूप में अमित एवं दीपिका जैन, महायज्ञ नायक के रूप में संजीव एवं रीना जैन, कुबेर के रूप में मयंक एवं कनिका जैन, ईशान इंद्र के रूप में आलोक एवं अनीता जैन, सनत इंद्र के रूप में नितिन एवं आकांक्षा कांडया तथा महेंद्र इंद्र के रूप में जयकुमार एवं अंजलि जैन ने भूमिका निभाई। मुख्य कलश की स्थापना भोपाल से पधारे अरविंद एवं मनीषा जैन ने की। झंडारोहण अनीता, राजीव एवं संदीप जैन परिवार द्वारा किया गया। मीडिया प्रभारी सिद्धार्थ जैन ने बताया कि इस अवसर पर गोमती नगर जैन मंदिर के अध्यक्ष प्रदीप जैन, मंत्री आलोक जैन सहित संदीप, रचित, मोनू, सोनू, दीपक एवं अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Share this content:
