उन्नाव पहुंचे बृजभूषण शरण सिंह ने मां पूर्वी देवी मंदिर में किया दर्शन बोले- पूर्वा गांव से जुड़ा है पूर्वजों का इतिहास
उन्नाव। पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह गुरुवार दोपहर असोहा क्षेत्र स्थित आदि शक्ति पीठ मां पूर्वी देवी मंदिर पहुंचे। यहां कार्यक्रम आयोजक सतीश त्रिपाठी ने उनका स्वागत किया। उनके साथ गोल्डी सिंह भी हेलीकॉप्टर से पहुंचे। मंदिर पहुंचने के बाद बृजभूषण शरण सिंह ने मां पूर्वी देवी के दर्शन-पूजन किए और स्थानीय लोगों से संवाद कर अपने पारिवारिक इतिहास व उन्नाव से जुड़े पुराने संबंधों का जिक्र किया। इस दौरान उन्होंने पुरवा तहसील को अपने पूर्वजों की जन्मभूमि और कर्मभूमि बताते हुए कहा कि इस क्षेत्र से उनका पारिवारिक जुड़ाव रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके यहां आने के पीछे कोई राजनीतिक उद्देश्य नहीं है, बल्कि वह अपने पूर्वजों की जड़ों को तलाशने और उनसे जुड़े लोगों के साथ संबंध स्थापित करने के लिए यहां पहुंचे हैं।
रंजीत पूर्वा गांव से जुड़ा है पूर्वजों का इतिहास
भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने अपने पूर्वजों के इतिहास का उल्लेख करते हुए बताया कि उनके पूर्वज उन्नाव जिले की पुरवा तहसील स्थित रंजीत पूर्वा गांव से गोंडा गए थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 1857 के दौर में अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष के चलते उनके पूर्वजों को यह क्षेत्र छोड़ना पड़ा था। उनके मुताबिक, पूर्वजों से जुड़ी इन ऐतिहासिक जानकारियों का उल्लेख उनके घर में बने ठाकुरद्वारे के जीर्णोद्धार के दौरान भी मिला था।
पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने उन्नाव आगमन को अपने पारिवारिक इतिहास और पुरखों की विरासत से जुड़ने का प्रयास बताया। उनके इस दौरे के दौरान मंदिर में दर्शन-पूजन के साथ स्थानीय लोगों से संवाद भी कार्यक्रम का हिस्सा रहा।
Share this content:
