‘नई नवेली’ की रिलीज से पहले यामी गौतम ने किया रामलला के दर्शन: राम की पैड़ी और हनुमानगढ़ी में लिया आशीर्वाद
लखनऊ। बॉलीवुड एक्ट्रेस यामी गौतम धर अपनी अपकमिंग फिल्म ‘नई नवेली’ की ग्रैंड रिलीज से पहले भगवान राम की पावन नगरी अयोध्या पहुंचीं। यहां उन्होंने राम की पैड़ी और हनुमानगढ़ी में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। यामी का यह दौरा फिल्म की रिलीज से पहले उनके आध्यात्मिक विश्वास और समर्पण को दर्शाता है। मान्यता है कि हर नए सफर की शुरुआत भगवान राम का नाम लेकर करनी चाहिए और इसी आस्था के साथ यामी ने अपनी फिल्म के लिए आशीर्वाद मांगा। अपनी दमदार स्क्रिप्ट चॉइसेज और सहज अभिनय के लिए पहचानी जाने वाली यामी एक बार फिर बड़े पर्दे पर एक बिल्कुल नई कहानी और अनोखे किरदार के साथ दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं।
अयोध्या दौरे के दौरान अभिनेत्री यामी गौतम पारंपरिक परिधान में बेहद खूबसूरत नजर आईं। उनके चेहरे की चमक और आत्मविश्वास उनकी आने वाली फिल्म को लेकर उत्साह बयां कर रहा था। ‘नई नवेली’ में यामी का किरदार उनके अब तक निभाए गए किरदारों से काफी अलग बताया जा रहा है। फिल्म की कहानी एक ऐसी नई दुनिया में बुनी गई है, जहां फैंटेसी, ह्यूमर, एक्शन और पारिवारिक रिश्तों का अनूठा मेल देखने को मिलेगा। फिल्म को भारतीय दर्शकों और परिवारों की पसंद को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। ऐसे में ‘नई नवेली’ के जरिए मेकर्स दर्शकों के सामने मनोरंजन का एक नया अनुभव पेश करने की तैयारी में हैं।
बालाजी मोहन के निर्देशन में बनी है ‘नई नवेली’
फिल्म ‘नई नवेली’ का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है, जबकि फिल्म की कहानी हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है। फिल्म में यामी गौतम धर के साथ अड्डिनाथ एम. कोठारे, अनुराग ठाकुर, सुनीता राजवार, मीता वशिष्ठ, आदित्य कुलश्रेष्ठ, सुस्मिता मुखर्जी और प्रतीक पचौरी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा ने किया है। वहीं, इसके संगीत की जिम्मेदारी मशहूर संगीतकार जीवी प्रकाश कुमार ने संभाली है। फिल्म की कहानी, कलाकारों की टीम और फैंटेसी से भरपूर दुनिया इसे एक अलग तरह की फैमिली एंटरटेनर बनाने की कोशिश करती है।
16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म
बॉलीवुड अभिनेत्री यामी गौतम धर की ‘नई नवेली’ दशहरा के मौके पर 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। फिल्म में फैंटेसी, ह्यूमर, एक्शन और पारिवारिक मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। रिलीज से पहले अयोध्या पहुंचकर आशीर्वाद लेने के साथ यामी ने अपनी फिल्म के प्रति आस्था और समर्पण का संदेश दिया है। अब दर्शकों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि यामी अपने नए किरदार और फिल्म की अनोखी दुनिया के जरिए बड़े पर्दे पर कितना अलग अनुभव पेश करती हैं।
Share this content:
