April 17, 2026

लखनऊ में सर्वजन सनातन पार्टी का प्रतिनिधि सम्मेलन, 2027 में 403 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान

WhatsApp Image 2026-03-14 at 4.26.51 PM

लखनऊ में सर्वजन सनातन पार्टी का राष्ट्रीय, प्रादेशिक और जिला स्तरीय प्रतिनिधि सम्मेलन आयोजित किया गया। यह सम्मेलन भवानी प्रसाद शुक्ल की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शीतला प्रसाद पांडे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रदेश और जिलों से आए पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा की गई।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष शीतला प्रसाद पांडे ने कहा कि सर्वजन सनातन पार्टी अन्य राजनीतिक दलों से अलग एक आदर्शवादी विचारधारा वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि पार्टी केवल राजनीति करने के लिए नहीं बल्कि समाज को एक नई दिशा देने के उद्देश्य से काम कर रही है। उनके अनुसार पार्टी की स्पष्ट विचारधारा के साथ-साथ एक मजबूत वैकल्पिक व्यवस्था भी तैयार है, जिसे लागू करने के लिए संगठन को और अधिक सशक्त बनाना जरूरी है।

उन्होंने यह भी कहा कि देशभर के सनातन समाज का भरोसा धीरे-धीरे सर्वजन सनातन पार्टी पर बढ़ रहा है। इसी विश्वास के साथ पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में सभी 403 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया है। उनका कहना था कि पार्टी कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने में जुटें ताकि आने वाले चुनाव में बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकें।

वहीं, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव मृत्युंजय चौबे ने अपने संबोधन में कहा कि सर्वजन सनातन पार्टी की कार्यशैली अन्य दलों से अलग है। उन्होंने कहा कि पार्टी किसी भी अन्य राजनीतिक दल की निंदा या आलोचना नहीं करती, बल्कि अपने कार्यों और विचारों के माध्यम से एक बड़ी रेखा खींचने का काम करती है, जिससे लोग खुद तुलना कर सकें।

मृत्युंजय चौबे ने कहा कि यदि सनातन समाज का पूरा समर्थन मिला और पार्टी को सरकार बनाने का अवसर प्राप्त हुआ, तो सर्वजन सनातन पार्टी एक आदर्श सनातनी सरकार का उदाहरण प्रस्तुत करेगी। उनका कहना था कि पार्टी का उद्देश्य समाज में नैतिकता, संस्कृति और मूल्यों पर आधारित शासन व्यवस्था स्थापित करना है, जिससे सभी वर्गों के लोगों को समान अवसर और सम्मान मिल सके।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!