April 17, 2026

राजस्थान रॉयल्स का गौतम गंभीर को बड़ा ऑफर, पार्टनर-मेंटॉर और CEO बनाने का प्रस्ताव

आईपीएल फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स ने भारत के पूर्व क्रिकेटर और मौजूदा टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर को अपने साथ जोड़ने के लिए बड़ा प्रस्ताव भेजा है। रिपोर्ट के मुताबिक फ्रेंचाइजी ने उन्हें पार्टनर, मेंटॉर और सीईओ जैसे तीन अहम पदों का ऑफर दिया है। हालांकि बताया जा रहा है कि गंभीर ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया है और इसके मानने की संभावना भी बेहद कम है।

दरअसल, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के नियमों और लोढ़ा समिति की सिफारिशों के बाद आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुसार, टीम इंडिया के कोच रहते हुए कोई व्यक्ति आईपीएल फ्रेंचाइजी में पार्टनर, मेंटॉर या सीईओ जैसे पद नहीं संभाल सकता। गंभीर का टीम इंडिया के हेड कोच के रूप में करार 2027 वर्ल्ड कप तक है, ऐसे में राजस्थान रॉयल्स से जुड़ना हितों के टकराव की स्थिति पैदा करेगा।

गौरतलब है कि आईपीएल में बतौर मेंटॉर गौतम गंभीर का रिकॉर्ड शानदार रहा है। उनकी मेंटरशिप में कोलकाता नाइट राइडर्स चैंपियन बनी थी, वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स ने भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए प्लेऑफ तक का सफर तय किया था। माना जा रहा है कि उनके इसी सफल अनुभव को देखते हुए राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें अपने साथ जोड़ने की कोशिश की।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!