May 2, 2026

T20 वर्ल्ड कप 2026 में BCCI का सख्त फैसला, भारतीय खिलाड़ियों को पत्नियों और परिवार के साथ रहने की इजाजत नहीं

T20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अपनी सख्त नीति को बरकरार रखा है। बोर्ड ने साफ कर दिया है कि टूर्नामेंट के दौरान भारतीय टीम के खिलाड़ी अपनी पत्नी, मंगेतर या परिवार के किसी भी सदस्य के साथ नहीं रह सकेंगे। यह फैसला टीम इंडिया के मैनेजमेंट की ओर से परिवारों को साथ रखने की अनुमति मांगने के बाद लिया गया है, जिसे BCCI ने खारिज कर दिया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, टीम मैनेजमेंट ने बोर्ड से यह सवाल किया था कि क्या खिलाड़ियों की पत्नियां या मंगेतर टीम के साथ यात्रा कर सकती हैं और उनके साथ रह सकती हैं। इस पर BCCI की ओर से स्पष्ट जवाब दिया गया कि खिलाड़ी अपने परिवार के साथ नहीं रहेंगे। हालांकि बोर्ड ने यह छूट जरूर दी है कि अगर परिवार के सदस्य चाहें तो वे अलग से अपनी व्यवस्था कर सकते हैं, लेकिन टीम होटल या आधिकारिक ठहराव में उनके रहने की अनुमति नहीं होगी।

BCCI की मौजूदा नीति के अनुसार, यदि किसी विदेशी दौरे की अवधि 45 दिनों से ज्यादा होती है, तो खिलाड़ियों को अधिकतम 14 दिन तक परिवार के साथ समय बिताने की इजाजत दी जाती है। लेकिन T20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में बोर्ड किसी भी तरह की ढील देने के मूड में नहीं है। इससे पहले भी कई द्विपक्षीय सीरीज में खिलाड़ियों के परिवारों को टीम के साथ रहने की अनुमति नहीं दी गई थी और वही नियम इस वर्ल्ड कप में भी लागू किया गया है।

T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ग्रुप स्टेज के तीन मुकाबले भारत में खेलेगी, जबकि एक मैच कोलंबो में आयोजित होगा। इसके बावजूद बोर्ड ने नीति में कोई बदलाव नहीं किया है। BCCI का मानना है कि इस तरह के बड़े टूर्नामेंट में खिलाड़ियों का पूरा ध्यान प्रदर्शन और टीम रणनीति पर होना चाहिए।

दरअसल, कोरोना काल के बाद खिलाड़ियों को पूरे दौरे में परिवार साथ रखने की छूट दी गई थी, लेकिन 2025 के ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद बोर्ड को कुछ शिकायतें मिलीं। आरोप था कि परिवार साथ होने की वजह से कुछ खिलाड़ी अनौपचारिक टीम बैठकों में शामिल नहीं हो रहे थे। इसी के बाद BCCI ने फिर से पुरानी सख्त नीति पर लौटने का फैसला किया, जिसे अब T20 वर्ल्ड कप 2026 में भी लागू रखा गया है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!