IND vs NZ: पहले टी20 में जीत के बाद गौतम गंभीर का सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा में, किस पर साधा निशाना?
भारत ने नागपुर में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड को 48 रन से हराकर 5 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। इस जीत के बाद जहां टीम इंडिया के प्रदर्शन की सराहना हो रही है, वहीं हेड कोच गौतम गंभीर का एक सोशल मीडिया पोस्ट भी खासा चर्चा में आ गया है। मैच खत्म होने के तुरंत बाद गंभीर ने यह प्रतिक्रिया दी, जिसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
दरअसल, यह पूरा मामला कांग्रेस सांसद शशि थरूर के एक पोस्ट से जुड़ा है। शशि थरूर ने सोशल मीडिया पर लिखा कि नागपुर में उनकी अपने पुराने दोस्त गौतम गंभीर से मुलाकात हुई और उनसे खुलकर बातचीत करने का मौका मिला। उन्होंने गंभीर की तारीफ करते हुए कहा कि भारत में प्रधानमंत्री के बाद अगर कोई सबसे मुश्किल काम कर रहा है तो वह गौतम गंभीर हैं, क्योंकि उनके हर फैसले पर लाखों लोग सवाल उठाते हैं। थरूर ने गंभीर के शांत स्वभाव और मजबूत नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्हें आगे की चुनौतियों के लिए शुभकामनाएं दीं।
शशि थरूर के इसी पोस्ट पर गौतम गंभीर ने प्रतिक्रिया दी, जो अब वायरल हो चुकी है। गंभीर ने पहले तो थरूर का धन्यवाद किया, लेकिन इसके बाद उन्होंने लिखा कि जब सारा हो-हल्ला खत्म होगा, तब एक कोच की कथित ‘अनलिमिटेड पावर’ को लेकर सच्चाई और तर्क खुद सामने आ जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें इस बात पर हंसी आती है कि उन्हें अपने ही लोगों के खिलाफ खड़ा किया जा रहा है, जो खुद बेहतरीन हैं।
गंभीर के इस बयान के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि उन्होंने यह टिप्पणी किसके लिए की। उन्होंने अपने पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन क्रिकेट गलियारों में कयास लगाए जा रहे हैं कि यह इशारा टीम चयन से जुड़े मतभेदों की ओर हो सकता है। कुछ लोग इसे चयन समिति और खासतौर पर अजीत अगरकर से जोड़कर देख रहे हैं, हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है। फिलहाल गौतम गंभीर का यह बयान जीत के जश्न के बीच नई बहस को जन्म दे चुका है।
Share this content:
