बंगाल में SIR: फाइनल वोटर लिस्ट जारी होने में होगी देरी, फिर बढ़ सकती है तारीख, जानिए पूरी वजह
पश्चिम बंगाल में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया के तहत तैयार की जा रही फाइनल वोटर लिस्ट का प्रकाशन एक बार फिर टल सकता है। पहले यह माना जा रहा था कि सभी आपत्तियों और सुनवाइयों की प्रक्रिया 7 फरवरी तक पूरी हो जाएगी और 14 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी जाएगी। लेकिन सुप्रीम कोर्ट के हालिया आदेशों के बाद चुनाव आयोग का आकलन है कि तय समय-सीमा में यह काम पूरा कर पाना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है। इसी कारण फाइनल वोटर लिस्ट की तारीख आगे बढ़ने की पूरी संभावना जताई जा रही है, हालांकि अभी तक चुनाव आयोग की ओर से नई तारीख का आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है।
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने SIR प्रक्रिया में सामने आई गड़बड़ियों को लेकर चुनाव आयोग को कई अहम निर्देश दिए हैं। अदालत ने कहा है कि जिन मामलों में लॉजिकल या तकनीकी गड़बड़ियां पाई गई हैं, उनकी एक अलग सूची सार्वजनिक की जाए, ताकि आम लोग उसे देख सकें और जरूरत पड़ने पर आपत्ति दर्ज करा सकें। इसके लिए कोर्ट ने 10 बिंदुओं वाली गाइडलाइंस जारी की हैं। आदेश के मुताबिक, ग्रामीण इलाकों में यह सूची पंचायत भवन और ब्लॉक ऑफिस में, जबकि शहरी क्षेत्रों में वार्ड ऑफिस में प्रदर्शित की जाएगी, ताकि ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं तक जानकारी पहुंच सके।
सुप्रीम कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया है कि सूची के प्रकाशन के बाद प्रभावित लोगों को अतिरिक्त 10 दिन का समय दिया जाए, जिसमें वे अपने दस्तावेज या आपत्तियां जमा कर सकें। मतदाता अपने अधिकृत प्रतिनिधि के जरिए भी यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं, जिसमें BLO को प्रतिनिधि बनाया जा सकता है, बशर्ते उसके पास साइन किया हुआ अनुमति पत्र हो। इसके अलावा, कोर्ट ने राज्य पुलिस महानिदेशक, जिला पुलिस अधीक्षकों और जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि पूरी प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति बनी रहे और किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
इन आदेशों के बाद चुनाव आयोग और राज्य प्रशासन पर काम का दबाव काफी बढ़ गया है। अधिकारियों के मुताबिक, लाखों मामलों में सुनवाई करनी होगी, जिसके लिए अतिरिक्त स्टाफ, प्रशासनिक संसाधन और सुरक्षा बलों की जरूरत पड़ेगी। आयोग का अनुमान है कि अगर करीब पांच से छह लाख मामलों की सुनवाई करनी है, तो मौजूदा समय-सीमा में इसे पूरा करना लगभग नामुमकिन है। यही वजह है कि 14 फरवरी तक फाइनल वोटर लिस्ट प्रकाशित होना मुश्किल माना जा रहा है।
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब बंगाल में फाइनल वोटर लिस्ट की तारीख टली हो। इससे पहले भी SIR प्रक्रिया के चलते ड्राफ्ट वोटर लिस्ट और फाइनल लिस्ट के प्रकाशन की तारीख बदली जा चुकी है। पहले फाइनल सूची 7 फरवरी 2026 को जारी करने की बात कही गई थी, फिर इसे बढ़ाकर 14 फरवरी किया गया। अब एक बार फिर तारीख आगे बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। फिलहाल सभी की नजरें चुनाव आयोग के अगले आधिकारिक बयान पर टिकी हैं, जिसमें नई समय-सीमा को लेकर स्थिति साफ हो सकती है।
Share this content:
