U19 World Cup 2026: वैभव सूर्यवंशी का 20वां छक्का होगा ऐतिहासिक, दुनिया के पहले बल्लेबाज बनकर रचेंगे इतिहास
युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का नाम अंडर-19 क्रिकेट में किसी परिचय का मोहताज नहीं है। अपने आक्रामक अंदाज और बेखौफ बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाने वाले वैभव जब भी मैदान पर उतरते हैं, छक्कों की बारिश तय मानी जाती है। अब अंडर-19 वनडे वर्ल्ड कप 2026 में उनके पास एक ऐसी उपलब्धि हासिल करने का मौका है, जो उन्हें दुनिया के बाकी सभी बल्लेबाजों से अलग और खास बना सकती है।
दरअसल, इस टूर्नामेंट में वैभव सूर्यवंशी का 20वां छक्का बेहद खास माना जा रहा है। वजह यह है कि जैसे ही उनके बल्ले से 20वां सिक्स निकलेगा, वह अंडर-19 वनडे क्रिकेट में 100 छक्के पूरे कर लेंगे। ऐसा करने वाले वैभव सूर्यवंशी दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे। यह रिकॉर्ड अब तक किसी भी अंडर-19 खिलाड़ी ने हासिल नहीं किया है।
महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी जिस तेजी से रिकॉर्ड्स की ओर बढ़ रहे हैं, वह अपने आप में हैरान करने वाला है। उन्होंने 2024 में अपने अंडर-19 वनडे करियर की शुरुआत की थी और अब तक खेले गए 18 मुकाबलों में 80 छक्के जड़ चुके हैं। छक्के लगाने के मामले में वह पहले ही अंडर-19 वनडे क्रिकेट के नंबर वन बल्लेबाज बन चुके हैं।
इस लिस्ट में उनके बाद बांग्लादेश के जावद अबरार का नाम आता है, जिन्होंने 31 मैचों में 51 छक्के लगाए हैं। लेकिन 100 छक्कों का आंकड़ा छूना किसी और के लिए फिलहाल दूर की बात लगती है। यही वजह है कि U19 वर्ल्ड कप 2026 में वैभव सूर्यवंशी का हर छक्का रिकॉर्ड बुक में दर्ज होने वाला है।
इतना ही नहीं, 20वां छक्का लगाते ही वैभव सूर्यवंशी अंडर-19 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बन सकते हैं। फिलहाल यह रिकॉर्ड 18 छक्कों का है। ऐसे में अगर वैभव अपना फॉर्म बरकरार रखते हैं, तो यह वर्ल्ड कप उनके नाम कई ऐतिहासिक उपलब्धियां दर्ज कर सकता है।
Share this content:
