April 29, 2026

लखनऊ: ऑनलाइन गेम में 40 लाख गंवाने के बाद बिजलीकर्मी ने रची अपने अपहरण की झूठी कहानी, पुलिस ने 72 घंटे में किया खुलासा

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से ऑनलाइन गेमिंग की लत और कर्ज के दबाव से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बिजलीकर्मी ने ऑनलाइन गेम में करीब 40 लाख रुपये गंवा दिए। जब हालात उसके नियंत्रण से बाहर हो गए और कर्ज देने वाली कंपनियों का दबाव बढ़ने लगा, तो उसने खुद के अपहरण की झूठी कहानी गढ़ दी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की और 72 घंटे के भीतर युवक को बरेली से सकुशल बरामद कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया।

यह मामला कृष्णा नगर थाना क्षेत्र का है। राम विहार कॉलोनी, पारा रोड निवासी सुनील ने 6 जनवरी को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके भाई रजनीश, जो इंद्रलोक विद्युत विभाग कार्यालय में सहायक पद पर कार्यरत हैं, अचानक लापता हो गए हैं। परिजनों का दावा था कि रजनीश ने फोन पर खुद के अपहरण की जानकारी दी थी, जिसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर तत्काल जांच शुरू कर दी।

कृष्णा नगर कोतवाली प्रभारी पीके सिंह के अनुसार, पुलिस ने मामले की तह तक जाने के लिए दो विशेष टीमें गठित कीं। जांच के दौरान करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और सर्विलांस की मदद ली गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को युवक की लोकेशन के सुराग मिले, जिसके बाद उसे बरेली से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने जब युवक से पूछताछ की तो कहानी पूरी तरह बदल गई।

पूछताछ में रजनीश ने स्वीकार किया कि वह कई महीनों से ऑनलाइन गेम खेल रहा था। शुरुआत में जीत की उम्मीद में उसने अलग-अलग मोबाइल ऐप के जरिए लोन लेना शुरू किया। लेकिन लगातार हार के चलते वह करीब 40 लाख रुपये गंवा बैठा। इसके बाद लोन देने वाली कंपनियों की ओर से रिकवरी का दबाव बढ़ गया। युवक ने बताया कि उसे धमकियां मिल रही थीं कि भुगतान न करने पर उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो वायरल कर दिए जाएंगे। इसी डर और तनाव में आकर उसने खुद के अपहरण की झूठी कहानी बना ली और घर से निकलकर पहले दिल्ली और फिर बरेली चला गया।

पुलिस ने युवक की काउंसलिंग की और उसे उसके परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला ऑनलाइन गेमिंग की लत और आसान लोन के खतरे को उजागर करता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ऑनलाइन गेमिंग और बिना सोचे-समझे लोन लेने से बचें, क्योंकि यह आदत न सिर्फ आर्थिक नुकसान पहुंचाती है, बल्कि मानसिक तनाव और सामाजिक परेशानियों का कारण भी बन सकती है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!