दिल्ली: जहरीली हवा से हड़कंप, सिंगापुर दूतावास ने नागरिकों को घरों में रहने की सख्त सलाह दी
दिल्ली-NCR में खतरनाक स्तर पर पहुंच चुके वायु प्रदूषण को लेकर सिंगापुर दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए कड़ी एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने लोगों से घरों में रहने, मास्क पहनने और यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
दिल्ली में लगातार बिगड़ते वायु गुणवत्ता स्तर ने अब अंतरराष्ट्रीय चिंता का रूप ले लिया है। सिंगापुर दूतावास ने एक आधिकारिक बयान जारी कर दिल्ली में रह रहे अपने नागरिकों को बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। दूतावास ने कहा है कि राजधानी में प्रदूषण बेहद खतरनाक स्तर पर पहुंच चुका है और ऐसे में गैर-जरूरी गतिविधियों से दूरी बनाए रखना जरूरी है।
दूतावास की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि दिल्ली सरकार द्वारा लागू किए गए ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) स्टेज-4 के सभी नियमों का सख्ती से पालन किया जाए। नागरिकों को मास्क पहनने, बच्चों को घर के अंदर रखने और खुले में गतिविधियां सीमित करने की सलाह दी गई है। साथ ही दिल्ली और आसपास के इलाकों में हवाई यात्रा करने वालों से भी अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया है।
सिंगापुर दूतावास ने यह भी स्पष्ट किया है कि आपात स्थिति में सिंगापुर के नागरिक नई दिल्ली स्थित उच्चायोग से संपर्क कर सकते हैं, जिसके लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। सिंगापुर डायस्पोरा के अनुसार भारत में करीब 5,000 सिंगापुर नागरिक रहते हैं, जिनकी सुरक्षा को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
सिर्फ सिंगापुर ही नहीं, बल्कि ब्रिटेन और कनाडा जैसे देशों ने भी अपने नागरिकों को दिल्ली के प्रदूषण को लेकर आगाह किया है। वहीं, भारत की सुप्रीम कोर्ट ने भी इस गंभीर स्थिति पर सख्त टिप्पणी की है। चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि प्रदूषण अमीर वर्ग की जीवनशैली से पैदा होता है, लेकिन इसका सबसे ज्यादा नुकसान गरीब मजदूरों को झेलना पड़ता है। GRAP स्टेज-4 लागू होने के बावजूद हालात बेकाबू बने हुए हैं, जिससे दिल्ली की हवा अब वैश्विक चिंता का विषय बन चुकी है।
Share this content:
