April 30, 2026

कैसे टूटी स्मृति मंधाना और पलाश मुच्छल की शादी? ‘सुपरहिट कपल’ से अलग होने तक पूरी कहानी

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना और म्यूजिक डायरेक्टर पलाश मुच्छल की शादी रद्द होने की खबर ने पूरे देश को चौंका दिया। 23 नवंबर को होने वाली इस हाई-प्रोफाइल शादी को पहले टाला गया और फिर दो हफ्ते बाद 7 दिसंबर को स्मृति ने खुद शादी रद्द करने का ऐलान किया। शुरुआत में स्मृति के पिता की तबीयत बिगड़ने को वजह बताया गया, लेकिन बाद में सोशल मीडिया पर कई अफवाहों ने कहानी को पूरी तरह बदलकर रख दिया।

पिछले दो साल में स्मृति और पलाश की लव-स्टोरी सबसे लोकप्रिय जोड़ियों में से एक बन गई थी। सोशल मीडिया पर दोनों की तस्वीरें, एक-दूसरे के लिए पोस्ट किए गए मैसेज और साथ में नजर आने वाले वीडियो ने फैंस को साफ कर दिया था कि दोनों एक रिश्ते में हैं। 2024 में पलाश ने अपने म्यूजिक कॉन्सर्ट में सबके सामने स्मृति से प्यार का इजहार किया था, जिसके बाद यह रिश्ता और चर्चा में आ गया। एशियन गेम्स से लेकर WPL में RCB की जीत तक, हर बड़ी उपलब्धि में पलाश स्मृति के साथ नजर आए।

आईसीसी महिला वर्ल्ड कप 2025 के दौरान तो इस रिश्ते ने नया मोड़ लिया, जब पलाश ने खुलेआम कहा कि स्मृति जल्द ही इंदौर की बहू बनेंगी। इसके बाद 23 नवंबर की शादी का ऐलान हुआ और दोनों परिवारों ने पूरी तैयारी भी शुरू कर दी। विवाह से पहले सगाई का रोमांटिक वीडियो वायरल हुआ, टीम इंडिया की कई खिलाड़ी सांगली पहुंच चुकी थीं, और हल्दी-मेहंदी की रस्मों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर छा गई थीं। हर कोई बस शादी के दिन का इंतजार कर रहा था।

लेकिन शादी वाले दिन ही सबकुछ बदल गया। दोपहर में खबर आई कि स्मृति के पिता की तबीयत बिगड़ गई है और उन्हें सीने में दर्द के कारण अस्पताल ले जाया गया है। मैनेजमेंट ने शादी टालने की घोषणा कर दी। इसके बाद अफवाहें तेज होने लगीं, खासकर तब जब स्मृति ने शादी से जुड़ी पोस्ट हटाईं और यह खबर आई कि पलाश की भी तबीयत खराब हुई थी। मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब एक महिला ने सोशल मीडिया पर चैट के स्क्रीनशॉट शेयर करके पलाश पर चीटिंग के आरोप लगाए।

रेडिट पर भी कई अज्ञात सूत्रों ने आरोप लगाए कि पलाश दूसरी महिलाओं से बात कर रहे थे और शादी से ठीक एक दिन पहले उन्हें आपत्तिजनक स्थिति में देखा गया। कहा गया कि यही बात स्मृति तक पहुंची और तनाव के चलते उनके पिता भी बीमार पड़ गए। हालांकि मुच्छल परिवार ने इन आरोपों से इनकार किया और दावा किया कि शादी स्थगित करने का फैसला दोनों परिवारों ने मिलकर लिया। पलक मुच्छल ने भी आरोपों को गलत बताया।

आखिरकार 14 दिनों की चुप्‍पी के बाद स्मृति मंधाना ने शादी रद्द करने की घोषणा कर दी। उन्होंने कहा कि वो अपनी निजी जिंदगी को प्राइवेट रखना चाहती हैं और लोगों से दोनों परिवारों की निजता का सम्मान करने की अपील की। इसके तुरंत बाद उन्होंने पलाश और पलक मुच्छल को इंस्टाग्राम से अनफॉलो भी कर दिया। उधर पलाश ने भी एक पोस्ट जारी कर कहा कि वे इस रिश्ते से पीछे हटते हुए आगे बढ़ रहे हैं और सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही गलत बातों पर कानूनी कार्रवाई करेंगे।

इस तरह एक समय पर ‘सुपरहिट कपल’ माने जाने वाले स्मृति और पलाश की कहानी कुछ ही दिनों में शादी की तैयारी से टूटे रिश्ते तक पहुंच गई।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!