May 1, 2026

लखनऊ: लुलु मॉल को मिला धमकी भरा मेल, विधानसभा से चारबाग स्टेशन और स्कूलों को उड़ाने की चेतावनी, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर

दिल्ली धमाके के बाद बढ़ी सतर्कता, लखनऊ में पुलिस, बम स्क्वॉड और ATS ने शुरू की बड़े स्तर पर जांच

लखनऊ में सोमवार को एक बड़ा सुरक्षा अलर्ट तब जारी हुआ जब शहर के चर्चित लुलु मॉल में एक संदिग्ध धमकी भरा मेल मिला। इस मेल में 24 घंटे के भीतर लखनऊ के कई संवेदनशील स्थानों—जिनमें यूपी विधानसभा, चारबाग रेलवे स्टेशन, कई स्कूल और सरकारी इमारतें शामिल हैं—को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। जैसे ही यह मेल अधिकारीयों को मिला, सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया और तुरंत प्रशासन और पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।

सूचना के बाद लुलु मॉल सहित शहर के अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में फोर्स की तैनाती बढ़ा दी गई। पुलिस के साथ बम डिस्पोजल स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और पूरे परिसर की छानबीन शुरू कर दी। अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिक जांच के बाद मेल की प्रामाणिकता का परीक्षण किया जा रहा है और साइबर सेल को इसके स्रोत का पता लगाने की जिम्मेदारी सौंप दी गई है।

इस बीच, राजधानी के हजरतगंज इलाके, विधानसभा मार्ग, चारबाग रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट रोड और शहर के प्रमुख मॉल्स व पब्लिक प्लेसेस पर पुख्ता चेकिंग शुरू कर दी गई है। कई स्थानों पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन तलाशी ली। स्कूलों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

गौरतलब है कि हाल ही में दिल्ली में हुए बम धमाके के बाद से पूरे उत्तर भारत में सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही अलर्ट पर हैं। ऐसे में लखनऊ में मिली यह धमकी सुरक्षा व्यवस्था को और कठोर करने का संकेत देती है। सूत्रों के अनुसार, ATS और इंटेलिजेंस ब्यूरो भी इस केस में शामिल हो गए हैं और मेल के पीछे किसी आतंकी संगठन, शरारती तत्व या साइबर धमकी गिरोह की भूमिका की जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन लोग सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। फिलहाल जांच जारी है और जांच पूरी होने तक सुरक्षा स्तर बढ़ा हुआ रहेगा। शहर में इस घटना के बाद दहशत का माहौल जरूर है, लेकिन प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सभी एजेंसियां तैयार हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!