May 7, 2026

मुंबई: ‘कांतारा चैप्टर 1’ की कमाई 25 दिन में नहीं छू सकी 600 करोड़ की सीमा, विदेशों में की सेंचुरी, 1000 करोड़ से अब भी दूर ऋषभ शेट्टी की फिल्म

साउथ सिनेमा की सुपरहिट फिल्म ‘कांतारा चैप्टर 1’ रिलीज के बाद से ही बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बनाए हुए है। ऋषभ शेट्टी के निर्देशन और अभिनय से सजी यह फिल्म दर्शकों के बीच खासा लोकप्रिय हो चुकी है। हालांकि फिल्म की कमाई अब धीमी पड़ती नजर आ रही है। 25 दिन पूरे होने के बाद भी ‘कांतारा चैप्टर 1’ घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 600 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार नहीं कर पाई है। वहीं, विदेशों में फिल्म ने 100 करोड़ की सेंचुरी लगा दी है, लेकिन अब भी 1000 करोड़ के जादुई आंकड़े से काफी पीछे है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने भारत में अब तक कुल 589.20 करोड़ रुपये की कमाई की है। यानी 600 करोड़ का आंकड़ा छूने के लिए फिल्म को करीब 11 करोड़ रुपये और जोड़ने होंगे। शुरुआती दिनों में फिल्म ने लगातार डबल डिजिट (10 करोड़ से अधिक) में कमाई की थी, लेकिन बीच में इसका ग्राफ गिरा। हालांकि, हाल के दिनों में फिल्म ने एक बार फिर से गति पकड़ी है और 10 करोड़ रुपये का दैनिक कलेक्शन वापस हासिल किया है।

‘कांतारा चैप्टर 1’ ने अपनी दमदार कहानी और शानदार अभिनय के बल पर साल 2025 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में जगह बना ली है। इसने विकी कौशल की फिल्म ‘छावा’ को पीछे छोड़ते हुए इस साल की टॉप ग्रॉसर बन गई है। अब फैंस की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या फिल्म 1000 करोड़ रुपये का माइलस्टोन पार कर पाएगी या नहीं। फिलहाल, फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 814 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।

अगर ओवरसीज कलेक्शन के नए आंकड़े जोड़ दिए जाएं, तो फिल्म की कुल कमाई में कुछ और इजाफा हो सकता है। फिर भी, 1000 करोड़ तक पहुंचने के लिए फिल्म को लगभग 186 करोड़ रुपये और कमाने होंगे। रिलीज के एक महीने पूरे होने के बाद यह लक्ष्य हासिल करना किसी चमत्कार से कम नहीं होगा। विशेषज्ञों का मानना है कि फिल्म अब अपने अंतिम बॉक्स ऑफिस चरण में है, इसलिए 1000 करोड़ की रेस फिलहाल मुश्किल लग रही है।

इसके बावजूद, ‘कांतारा चैप्टर 1’ ने ऋषभ शेट्टी को इंडस्ट्री में एक मजबूत स्थान दिलाया है। फिल्म की सफलता ने साउथ सिनेमा को एक बार फिर देशभर में चर्चा के केंद्र में ला दिया है। अब देखने वाली बात यह होगी कि क्या यह फिल्म अपने आखिरी दिनों में कोई बड़ा रिकॉर्ड बना पाती है या नहीं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!