May 4, 2026

मेरठ में रात के अंधेरे में लगे ‘I Love Mohammad’ पोस्टर, इलाके में मचा हड़कंप

मेरठ के मवाना कस्बे में देर रात अचानक कुछ मकानों की दीवारों और दरवाजों पर ‘I Love Mohammad’ लिखे पोस्टर चस्पा किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी पोस्टरों को तुरंत हटवाकर मामले की जांच शुरू कर दी।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह घटना तब हुई जब अधिकांश लोग घरों में सो रहे थे। पोस्टर खासतौर पर मोहल्ला मुन्नालाल निवासी इमरान भोला, इरशाद, फुरकान और गुलफाम के घरों पर लगाए गए थे। मकान मालिकों ने पुलिस को बताया कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है और यह हरकत किसी की गलत नियत या माहौल बिगाड़ने के उद्देश्य से की गई लगती है।

घटना के बाद पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है। जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि पोस्टर लगाने वालों की पहचान की जा सके। इसके साथ ही पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ भी कर रही है।

उत्तर प्रदेश के कई शहरों में इन दिनों ‘I Love Mohammad’ पोस्टर को लेकर विवाद चल रहा है। इस कारण प्रशासन और पुलिस हाई अलर्ट पर हैं। जुमे की नमाज के दिन संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

पिछली हिंसा के बाद बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत और बदायूं सहित कई पश्चिमी यूपी के शहरों में पुलिस तैनाती बढ़ाई गई है। गृह विभाग की अधिसूचना के तहत, शांति बनाए रखने के लिए बरेली में 2 अक्टूबर दोपहर 3 बजे से 4 अक्टूबर दोपहर 3 बजे तक इंटरनेट, ब्रॉडबैंड और एसएमएस सेवाएं निलंबित कर दी गई थीं।

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान होने पर उन पर कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोग भी चाहते हैं कि ऐसी हरकतों पर कठोर कार्रवाई हो ताकि इलाके में शांति और सुरक्षा बनी रहे।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!