Kalki 2898AD Part 2: दीपिका पादुकोण की जगह लेंगी कीर्ति सुरेश? जानें कौन हैं साउथ की ये नेशनल अवॉर्ड विनिंग स्टार
‘कल्कि 2898एडी’ के सीक्वल से पहले ही दीपिका पादुकोण का एग्जिट चर्चा में, मेकर्स अब कीर्ति सुरेश को कास्ट करने पर विचार कर रहे हैं।
प्रभास की ब्लॉकबस्टर फिल्म Kalki 2898AD (2024) ने जबरदस्त सफलता हासिल की थी। फिल्म में दीपिका पादुकोण, अमिताभ बच्चन और कमल हासन जैसे दिग्गज कलाकारों की मौजूदगी ने इसे खास बना दिया और बॉक्स ऑफिस पर इसने 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया। लेकिन अब फिल्म के सीक्वल को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। खबर है कि इस बार दीपिका पादुकोण का पत्ता कट चुका है और उनकी जगह मेकर्स साउथ की मशहूर अभिनेत्री कीर्ति सुरेश को कास्ट करने की तैयारी कर रहे हैं।
हालांकि दीपिका के बाहर होने की वजह साफ नहीं हुई है, लेकिन फैन्स में यह सवाल ज़रूर उठ रहा है कि आखिर उनकी जगह किसे लिया जाएगा। शुरुआत में अनुष्का शेट्टी का नाम चर्चा में था, मगर अब निर्देशक नाग अश्विन की पहली पसंद कीर्ति सुरेश मानी जा रही हैं। खास बात यह है कि कीर्ति पहले भी नाग अश्विन के साथ फिल्म महनटी कर चुकी हैं, जिसमें उन्होंने लेजेंडरी एक्ट्रेस सावित्री का किरदार निभाया था और इसके लिए उन्हें नेशनल फिल्म अवॉर्ड फॉर बेस्ट एक्ट्रेस भी मिला था।
कौन हैं कीर्ति सुरेश?
कीर्ति सुरेश का नाम साउथ सिनेमा में किसी पहचान का मोहताज नहीं है। साल 2000 में अपने पिता के प्रोडक्शन हाउस के तहत बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट फिल्मों और टीवी सीरियल्स से उन्होंने करियर शुरू किया। 2013 में मलयालम फिल्म गीतांजलि से बतौर लीड एक्ट्रेस डेब्यू किया। इसके बाद उन्होंने रिंग मास्टर जैसी फिल्मों से लोकप्रियता हासिल की और फिर तमिल व तेलुगु सिनेमा में भी कदम रखा।
2018 उनकी जिंदगी का टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ, जब महनटी में उनकी अदाकारी ने इंडस्ट्री और दर्शकों दोनों को चौंका दिया। इसके बाद वे लगातार तमिल-तेलुगु फिल्मों में छाई रहीं। मजेदार बात ये है कि कीर्ति ने कल्कि 2898एडी यूनिवर्स में पहले भी योगदान दिया है—उन्होंने प्रभास की स्पेशल रोबोटिक कार बुज्जी (BU-JZ-1) को आवाज दी थी। साथ ही भैरवा एनिमेटेड सीरीज़ में भी डबिंग का हिस्सा रहीं।
हिंदी डेब्यू रहा फीका
कीर्ति सुरेश ने 2024 में वरुण धवन के साथ Baby John से हिंदी फिल्मों में डेब्यू किया था। फिल्म तमिल हिट Theri का रीमेक थी और एटली ने इसे प्रोड्यूस किया था। हालांकि बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ज्यादा नहीं चली, लेकिन वरुण और कीर्ति की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को पसंद किया गया।
अब ‘कल्कि 2’ में नजर आएंगी?
कल्कि 2898AD Part 2 के लिए दीपिका की जगह कीर्ति सुरेश का नाम लगभग तय माना जा रहा है। अगर ऐसा होता है, तो यह कीर्ति के करियर के लिए एक बड़ा ब्रेक होगा और उन्हें पैन-इंडिया स्तर पर और मजबूत पहचान दिलाएगा। वहीं फैन्स भी उत्सुक हैं कि क्या कीर्ति प्रभास के साथ स्क्रीन शेयर करते हुए वही जादू ला पाएंगी, जो पहली फिल्म में दीपिका और प्रभास की जोड़ी ने क्रिएट किया था।
Share this content:
