MP में भोपाल में गरजे बुलडोजर; लव जिहाद-रेप और ब्लैकमेलिंग के आरोपियों के घर ढहाए
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में शनिवार सुबह प्रशासन ने बड़ा ऐक्शन लिया। टीआईटी कॉलेज से जुड़े दुष्कर्म, लव जिहाद और ब्लैकमेलिंग के आरोपियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत तीन आरोपियों के घरों को बुलडोजर से ढहा दिया गया। फरहान, साद और साहिल के अर्जुन नगर स्थित मकानों को जमींदोज कर दिया गया। इस केस में कुल छह आरोपियों के नाम शामिल हैं, जिनमें नबील, अली और अबरार भी शामिल हैं।
अर्जुन नगर में यह कार्रवाई सुबह करीब चार बजे भारी पुलिस बल की मौजूदगी में शुरू हुई। प्रशासन का कहना है कि ये मकान सरकारी जमीन पर अवैध तरीके से बनाए गए थे। गोविंदपुरा तहसीलदार की ओर से पहले ही नोटिस जारी किए गए थे और शुक्रवार रात से इलाके में बैरिकेडिंग कर दी गई थी। संभावित विरोध की आशंका को देखते हुए करीब 500 पुलिसकर्मी मौके पर तैनात किए गए थे।
एसडीएम रवीश श्रीवास्तव और तहसीलदार सौरभ पांडे की मौजूदगी में तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई। नगर निगम का अतिक्रमण दस्ता प्रभारी शैलेश श्रीवास्तव की अगुवाई में टीम ने बुलडोजर चलाया। प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही यह ऐक्शन लिया गया था। फिलहाल इलाके में शांति बनी हुई है।
गौरतलब है कि इस पूरे मामले की शुरुआत अप्रैल महीने में हुई थी, जब कई लड़कियों ने बागसेवनिया, जहांगीराबाद और अशोका गार्डन थानों में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि फरहान, साहिल, अबरार, नबील और साद सहित अन्य युवकों ने पहले दोस्ती की, फिर भरोसा जीतकर दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया। इसके बाद धर्म परिवर्तन का दबाव भी बनाया गया।
भोपाल पुलिस ने मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की है। वहीं राष्ट्रीय महिला आयोग और मानव अधिकार आयोग ने भी इस गंभीर केस पर संज्ञान लिया है। दोनों संस्थाओं ने राज्य सरकार को रिपोर्ट भेजते हुए पुलिस पर शुरुआती लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
एक पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि फरहान उसकी बहन का कॉलेज फ्रेंड था। वह बहाने से घर आता-जाता था और एक दिन उसे घुमाने के बहाने बाहर ले गया, जहां उसने जबरन दुष्कर्म किया और वीडियो बना लिया। बाद में उसी वीडियो का इस्तेमाल करके उसे ब्लैकमेल किया गया। साहिल ने भी उसी वीडियो के आधार पर उसका शोषण किया। पीड़िता ने बताया कि जब धमकियां हद से ज्यादा बढ़ गईं, तब उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
Share this content:
