बिजनौर: पत्नी को गंजा किया, पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश… फिर भी बोली- “सर, पति को छोड़ दीजिए”
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया। यहां एक शख्स ने अवैध संबंधों के शक में अपनी पत्नी के साथ अमानवीय बर्ताव किया। उसने न केवल पत्नी की पिटाई की, बल्कि उस्तरे से उसका सिर मुंडवा दिया और पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश की। गनीमत रही कि महिला को परिवार वालों ने बचा लिया। मामला नगीना देहात थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
अवैध संबंध के शक में पति बना हैवान
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता कस्बा बढ़ापुर की रहने वाली है और तीन बच्चों की मां है। उसकी शादी करीब 12 साल पहले नगीना देहात थाना क्षेत्र के एक युवक से हुई थी। परिवार में पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। घटना वाली रात महिला के मोबाइल पर एक कॉल आया और वह फोन पर बात करने लगी। इसी बात को लेकर पति को शक हुआ और उसने पत्नी से विवाद करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते गुस्से में पति ने न केवल उसकी पिटाई की, बल्कि उस्तरे से उसका सिर गंजा कर दिया।
जलाने की कोशिश, परिवार ने बचाई जान
यही नहीं, आरोपी ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की। हालांकि घर में मौजूद परिजनों ने समय रहते महिला को बचा लिया। इसके बाद महिला ने थाने पहुंचकर पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया।
पुलिस की कार्रवाई और महिला का बयान
इस मामले पर नगीना के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपी ने पत्नी के साथ मारपीट की, उसका सिर उस्तरे से गंजा कर दिया और पेट्रोल डालकर जलाने का प्रयास किया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने पति को गिरफ्तार किया। हालांकि, मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब पीड़िता खुद पुलिस से पति को छोड़ने की गुहार लगाने लगी।
जमानत पर रिहा हुआ आरोपी
पुलिस के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर शांति भंग के आरोप में चालान किया गया। इसके बाद उप जिलाधिकारी (एसडीएम) की अदालत से उसे जमानत मिल गई और वह रिहा हो गया। यह घटना समाज में घरेलू हिंसा और महिला सुरक्षा पर एक गंभीर सवाल खड़ा करती है।
Share this content:
