लखनऊ: मुख्यमंत्री आवास के बाहर आत्मदाह की कोशिश करने पहुंची हरियाणवी अभिनेत्री, अभिनेता उत्तर कुमार पर शोषण का आरोप
लखनऊ में शनिवार को उस समय हंगामा मच गया जब नोएडा से आई एक हरियाणवी अभिनेत्री ने मुख्यमंत्री आवास के बाहर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों और आत्मदाही दस्ते ने सतर्कता दिखाते हुए बड़ा हादसा होने से रोक लिया। फिलहाल गौतमपल्ली पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। रोते-बिलखते हुए अभिनेत्री ने आरोप लगाया कि देश में न्याय नहीं बल्कि सिर्फ पैसा चल रहा है, जिसके पास पैसा है उसी की सुनवाई होती है।
अभिनेत्री ने बताया कि उसने हरियाणवी इंडस्ट्री के लोकप्रिय फोक सिंगर और अभिनेता उत्तर कुमार के खिलाफ गाजियाबाद के शालीमार गार्डन थाने में रेप का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप लगाया गया कि उत्तर कुमार ने उसे फिल्म और शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण किया। लेकिन पुलिस विवेचना में अपराध साबित न होने पर विवेचक ने कोर्ट में फाइनल रिपोर्ट दाखिल कर दी। पीड़िता का कहना है कि जांच में गंभीर लापरवाही बरती गई और उसकी शिकायतों को नजरअंदाज किया गया।
पीड़िता मूल रूप से हापुड़ की रहने वाली है और फिलहाल नोएडा सेक्टर-53 में रहती है। उसने पुलिस को दिए बयान में बताया कि अगस्त 2020 में उसकी मुलाकात उत्तर कुमार से हुई थी। पहले तो उन्होंने उसे गानों और फिल्मों में काम दिलाने का भरोसा दिया, फिर 2023 में एक देहाती फिल्म में मुख्य भूमिका का वादा किया। शादी का झांसा देकर उन्होंने उससे संबंध बनाए, लेकिन बाद में न तो फिल्म में रोल दिया और न ही शादी की। उल्टा जातिसूचक शब्दों से उसका अपमान किया।
महिला का कहना है कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया। उसने कई बार अधिकारियों को आरोपी की लोकेशन बताई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। हताश होकर उसने इंस्टाग्राम पर चेतावनी दी थी कि अगर उसे न्याय नहीं मिला तो वह मुख्यमंत्री आवास के बाहर आत्मदाह कर लेगी। इसके बावजूद उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया और आखिरकार उसने शनिवार को आत्मदाह की कोशिश कर डाली।
पुलिस ने बताया कि समय रहते सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोक लिया और अब गाजियाबाद पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दे दी गई है। वहीं पीड़िता का कहना है कि जब तक उसे न्याय नहीं मिलेगा, वह पीछे नहीं हटेगी। यह घटना एक बार फिर पुलिस और प्रशासन की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
Share this content:
