May 1, 2026

फरीदाबाद में दोस्त की पत्नी को मनाली ले जाना पड़ा महंगा, लौटते ही पति ने बरसाई गोलियां

हरियाणा के फरीदाबाद से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को हिला दिया। यहां एक युवक ने अपने ही दोस्त की पत्नी को मनाली ट्रिप पर ले जाकर दोस्ती और रिश्तों की मर्यादा को तोड़ दिया। पत्नी की इस हरकत से आहत पति ने जैसे ही पत्नी को दोस्त के साथ लौटते देखा, वह गुस्से से आग बबूला हो गया और मौके पर ही अपने दोस्त पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। घटना ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-70 स्थित KJL सोसाइटी के बाहर तड़के करीब डेढ़ बजे हुई। गोली लगने से कारोबारी सुरेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस के मुताबिक, घायल शख्स सुरेश कुमार (45) फरीदाबाद के सेक्टर-10 का निवासी और मशहूर शराब कारोबारी है। शहर में उसके कई शराब के ठेके, स्पा सेंटर और सैलून चलते हैं। वहीं, गोली चलाने वाला आरोपी विनोद कौशिक (30) बल्लभगढ़ के जुनहेड़ा का रहने वाला है और फरीदाबाद के सेक्टर-2 में एक रेस्टोरेंट व कैफे चलाता है। जांच में सामने आया कि सुरेश अपनी पत्नी, बॉडीगार्ड सोनू और विनोद की पत्नी मेघा के साथ चार दिन की मनाली ट्रिप से लौटा था। मेघा और विनोद के बीच पहले से तनाव चल रहा था और वह झगड़े के बाद सोनू के परिवार के साथ KJL सोसाइटी में रह रही थी।

जैसे ही सुरेश अपनी कार से सोसाइटी के गेट पर उतरा, तभी वहां पहले से घात लगाए बैठे विनोद ने अपनी कार से बाहर आकर सुरेश पर नजदीक से तीन गोलियां दाग दीं। गोलियां उसके गले, सीने और पेट में लगीं। सुरेश का बॉडीगार्ड बीच-बचाव के लिए आगे आया तो आरोपी ने उस पर भी हमला किया और फिर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस की शुरुआती जांच में यह खुलासा हुआ है कि विनोद और मेघा की एक साल पहले लव मैरिज हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों के बीच लगातार विवाद बढ़ता जा रहा था, क्योंकि मेघा सुरेश के सेक्टर-9 स्थित सैलून में मैनेजर के रूप में काम करती थी और अक्सर उसके साथ बाहर जाया करती थी। विनोद इस रिश्ते से बेहद नाराज था और कई बार विरोध भी कर चुका था। जब मेघा अपने पति से झगड़ा कर मनाली ट्रिप पर सुरेश के साथ चली गई, तो विनोद का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। इसी रंजिश में उसने लौटते ही सुरेश पर हमला कर दिया।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी विनोद और उसके साथी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीमें उनकी तलाश में दबिश दे रही हैं, हालांकि दोनों अभी तक फरार हैं। पुलिस का कहना है कि यह मामला निजी रंजिश और पारिवारिक विवाद से जुड़ा है और जांच में यह भी देखा जा रहा है कि हमला अचानक गुस्से में किया गया या यह पहले से सोची-समझी साजिश थी। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि निजी रिश्तों के विवाद किस तरह खतरनाक मोड़ ले सकते हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!