गाजियाबाद में पत्नी ने पति पर फेंकी खौलती चाय, चेहरे और सीने पर पड़े गंभीर छाले
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली कहासुनी के बाद एक पत्नी ने अपने पति पर खौलती चाय फेंक दी। इस वारदात में पति का चेहरा और हाथ बुरी तरह झुलस गए जबकि सीने पर गंभीर छाले पड़ गए। घटना वेव सिटी थाना क्षेत्र के ओकवुड एनक्लेव अपार्टमेंट की बताई जा रही है। पीड़ित पति ने थाने में जाकर पत्नी के खिलाफ तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित पति का नाम सौरभ सिंह है, जो अपनी पत्नी अंकिता सिंह के साथ अपार्टमेंट में रहते थे। 24 अगस्त की सुबह दोनों के बीच पारिवारिक बातों को लेकर कहासुनी हो गई। इसी दौरान गैस पर रखी चाय खौल रही थी। गुस्से में पत्नी ने वही चाय उठाकर सौरभ सिंह के चेहरे और शरीर पर फेंक दी। इसके चलते उनके चेहरे और बाएं हाथ से लेकर सीने तक जलने के निशान हो गए। गंभीर जलन के साथ-साथ सिर में सूजन और नाक से खून निकलने की भी बात सामने आई है।
घटना के बाद पत्नी अंकिता सिंह घर का सामान समेटकर अपने साथ ले गई। इतना ही नहीं, उसने अलमारी में रखे करीब 1.44 लाख रुपये भी साथ ले जाने का आरोप पति ने अपनी तहरीर में लगाया है। सौरभ सिंह ने पुलिस को बताया कि यह पहली बार नहीं है जब पत्नी ने उन पर हमला किया हो, बल्कि पहले भी वह झगड़े के दौरान हिंसक हो चुकी है। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी पत्नी ने कई बार झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी है।
पीड़ित पति ने पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत में कहा कि पत्नी ने इस बार जानलेवा हमला किया है और जान से मारने की धमकी भी दी। उसने कहा कि यह घटना सिर्फ गुस्से का नतीजा नहीं बल्कि सोची-समझी हरकत लगती है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला न सिर्फ घरेलू कलह की गंभीरता को उजागर करता है, बल्कि रिश्तों में बढ़ते तनाव और हिंसक घटनाओं पर भी सवाल खड़े करता है। पति-पत्नी के बीच मामूली बहस का इस तरह खतरनाक मोड़ लेना समाज के लिए चिंता का विषय है। पुलिस की जांच में यह साफ होगा कि घटना के पीछे क्या वजहें थीं और पति के लगाए गए आरोप किस हद तक सही हैं।
Share this content:
