पूरी ताकत झोंक दी…फिर भी हूती के कमांडरों को क्यों नहीं मार पाया इजराइल?
इजराइल और हूती विद्रोहियों के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को इजराइल ने यमन की राजधानी सना में हूती के ठिकानों पर बड़ा ऑपरेशन चलाया। इस हमले में तीन जगहों को निशाना बनाया गया और जोरदार बमबारी हुई। लेकिन नतीजा यह रहा कि चार आम नागरिकों की मौत हो गई, जबकि हूती के किसी भी बड़े कमांडर पर कोई असर नहीं पड़ा। इस विफलता ने सवाल खड़े कर दिए हैं कि इतनी ताकत झोंकने के बाद भी इजराइल आखिर क्यों हूती के टॉप लीडर्स तक नहीं पहुंच पा रहा।
हूती के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, जिन इलाकों को निशाना बनाया गया, वे ज्यादा आबादी वाले थे। इस वजह से हताहतों में आम लोग ही शामिल हुए। इजराइल का दावा था कि उसके रडार पर हूती का मिलिट्री चीफ और यहां तक कि यमन के राष्ट्रपति तक थे। लेकिन जब ऑपरेशन अंजाम दिया गया तो निशाना पूरी तरह चूक गया। इजराइली खुफिया तंत्र और हथियारों की सटीकता पर भी अब सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि आम नागरिकों की मौत से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आलोचना तेज हो गई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि हूती कमांडर अपनी लोकेशन लगातार बदलते रहते हैं और आम जनता के बीच घुलमिलकर रहते हैं। यही कारण है कि इजराइल जैसे हाई-टेक हथियारों वाले देश के लिए भी उन्हें मार गिराना आसान नहीं हो रहा। कई बार हूती लड़ाके नागरिक इलाकों को ढाल बनाते हैं, जिससे किसी भी हवाई हमले में सीधे कमांडरों को टारगेट करना बेहद मुश्किल हो जाता है। यही वजह है कि इजराइल के कई प्रयास नाकाम साबित हो रहे हैं।
यह भी ध्यान देने वाली बात है कि इजराइल ने ईरान और सीरिया जैसे देशों में टॉप लेवल ऑपरेशन में सफलता हासिल की है, लेकिन यमन में हालात बिल्कुल अलग हैं। यमन की भौगोलिक स्थिति, पहाड़ी इलाकों और स्थानीय समर्थन के कारण हूती कमांडरों तक पहुंचना लगभग नामुमकिन जैसा साबित हो रहा है। स्थानीय आबादी भी हूती को सुरक्षा कवच मुहैया कराती है, जिससे उनकी पकड़ और मजबूत होती जा रही है।
कुल मिलाकर, इजराइल का ताजा हमला इस बात का सबूत है कि सिर्फ ताकत और हथियारों से हूती जैसे विद्रोही संगठनों को खत्म करना आसान नहीं है। जब तक खुफिया जानकारी बिल्कुल सटीक न हो और जमीनी समर्थन न मिले, तब तक किसी भी ऑपरेशन में कामयाबी पाना मुश्किल है। यही कारण है कि पूरी ताकत झोंकने के बावजूद इजराइल अब तक हूती के टॉप कमांडरों को ढेर करने में असफल रहा है।
Share this content:
