April 21, 2026

लखनऊ: 3 फर्जी पासपोर्ट और 2 थाई आईडी के साथ ब्लैकलिस्टेड थाई महिला एयरपोर्ट से गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमीग्रेशन अधिकारियों ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए थाईलैंड की ब्लैकलिस्टेड महिला को गिरफ्तार किया। गुरुवार सुबह यह महिला फर्जी पासपोर्ट के जरिए बैंकॉक जाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन जांच में उसके दस्तावेज संदिग्ध पाए गए। पकड़ी गई महिला की पहचान थोंगफुन चायफा उर्फ दरिन चोकथनपट के रूप में हुई है, जो पहले से ही भारत में यात्रा के लिए ब्लैकलिस्टेड है।

अधिकारियों ने महिला के पास से तीन फर्जी पासपोर्ट, दो थाई आईडी, बोर्डिंग पास और दो मोबाइल फोन बरामद किए। जांच में खुलासा हुआ कि यह महिला मार्च 2025 में एग्जिट परमिट पर भारत से भेजी गई थी। इसके बावजूद वह 31 जुलाई 2025 को फर्जी पासपोर्ट के सहारे नेपाल के रक्सौल बॉर्डर से भारत में दाखिल हो गई और तब से लखनऊ में जसविंदर सिंह नामक व्यक्ति के घर रह रही थी। जसविंदर सिंह ने ही अपने साथियों की मदद से उसके लिए नकली दस्तावेज बनवाए थे।

पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि उसके पासपोर्ट में न सिर्फ नाम बल्कि माता-पिता के नाम तक बदल दिए गए थे। जांच में यह भी सामने आया कि वह जुलाई 2024 में भी भारत आई थी और वीजा उल्लंघन के कारण सरकार ने उसे ब्लैकलिस्ट कर दिया था। इसके बावजूद उसने अवैध तरीके से फिर से भारत में प्रवेश कर लिया।

गौरतलब है कि इसी महीने 13 अगस्त को इंटेलिजेंस एजेंसियों और एफआरओ लखनऊ तक महिला की गतिविधियों की सूचना पहुंची थी। उस समय पुलिस ने महिला और जसविंदर सिंह को हिरासत में लिया था, लेकिन केस दर्ज किए बिना छोड़ दिया। अब यह लापरवाही सवालों के घेरे में है। फिलहाल महिला को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है और उसके नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश की जा रही है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!