May 2, 2026

UP से दिल दहलाने वाली वारदात: 12 साल की फुफेरी बहन ने मासूम को पानी की टंकी में डुबाकर मार डाला

कुशीनगर: यूपी के कुशीनगर जिले के तमकुहीराज थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज और दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 12 साल की एक लड़की ने अपनी नौ माह की फुफेरी बहन को पानी की टंकी में डुबाकर मौत के घाट उतार दिया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी बालिका ने यह घटना टीवी पर प्रसारित अपराध आधारित धारावाहिक जैसे सीआईडी और क्राइम पेट्रोल देखकर प्रेरित होकर की थी।

 

घटना मंगलवार की सुबह करनपट्टी इलाके में सामने आई। सोमवार की शाम से लापता नौ माह की बच्ची की लाश घर की छत पर लगी पानी की टंकी में मिली। पुलिस ने बताया कि 12 वर्षीय लड़की ने मासूम को पानी से भरी टंकी में डालकर ढक्कन बंद कर दिया था। यह भी सामने आया कि दो माह पहले आरोपी के भाई की भी पानी की टंकी में डूबने से मौत हो गई थी, जिसे अब संदिग्ध माना जा रहा है।

 

पुलिस जांच के अनुसार, करनपट्टी निवासी सुदर्शन गुप्ता के छोटे बेटे की शादी के दौरान सोनम अपनी बेटी केशवी और ननद के साथ आई थी। सोमवार की शाम बारात की तैयारियों के बीच सोनम पड़ोस में चचेरे भाई के घर चली गई थी। इसी दौरान आरोपी बालिका नौ माह की केशवी को लेकर घर के अंदर चली गई। कुछ देर बाद सोनम केशवी के बारे में पूछने पर बालिका ने झूठी बातें बताईं। काफी खोजबीन के बाद बच्ची नहीं मिली तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

 

बरात रवाना होने के बाद परिवार ने आरोपी बालिका की बातों पर संदेह किया और छत पर लगी पानी की टंकी खोली। तब केशवी का शव पानी में मिला। इंस्पेक्टर अमित शर्मा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आरोपी बालिका को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया है। पूछताछ में बालिका ने स्वीकार किया कि टीवी धारावाहिक देखकर उसने यह जघन्य कृत्य किया।

 

पुलिस का कहना है कि आरोपी बालिका से जब-जब पूछताछ की गई, वह हर बार अलग-अलग कहानी सुनाती रही। उसके चेहरे पर अपराध का भाव नहीं दिख रहा था और न ही कोई पछतावा था। परिवार के अनुसार, गुस्सैल प्रवृत्ति की इस बालिका ने पहले भी खुद को चोट पहुँचाने के लिए हाथ की नस काटी थी। घटना ने पूरे क्षेत्र में चिंता और सदमा फैला दिया है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!