चार बार दूल्हा बना, लेकिन एक बार भी नसीब नहीं हुई सुहागरात – जोधपुर के युवक की अनसुनी दास्तां
राजस्थान के जोधपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर कोई भी हैरान रह जाए। लूणी थाना क्षेत्र में रहने वाला एक युवक विजेंद्र, चार बार दूल्हा बना लेकिन चारों बार उसकी दुल्हन शादी के बाद या तो भाग गई या फिर विदा होने से ही इनकार कर गई। सबसे अजीब बात यह रही कि तीसरी बार तो शादी की रस्में निभा ही नहीं पाईं क्योंकि इस बार न सिर्फ दुल्हन भाग गई बल्कि मंत्र पढ़ रहा पंडित भी मंडप से गायब हो गया।
विजेंद्र लंबे समय से शादी के लिए प्रयासरत था, लेकिन बार-बार रिश्ते टूटते जा रहे थे। तभी उसके पड़ोसियों ने उसे शादी करवाने का भरोसा दिलाया। शर्त ये रखी गई कि अगर वो कुछ पैसे दे, तो वो अच्छे रिश्ते का इंतजाम कर देंगे। उम्मीद और अकेलेपन के बीच फंसे युवक ने भरोसा कर लिया और यहीं से शुरू हुई उसकी ठगी की कहानी।
पहली शादी में बारात धूमधाम से पहुंची, दुल्हन बस से आई भी, लेकिन फिर उसी बस में बैठकर चुपचाप चली गई। युवक को समझ नहीं आया कि क्या हुआ। पड़ोसियों ने दिलासा दिया और दूसरी शादी का वादा किया। दूसरी बार शादी तो हो गई, लेकिन दुल्हन शादी के बाद ट्रेन में बैठकर रफूचक्कर हो गई। तीसरी बार फिर उम्मीद बंधी, लेकिन इस बार मंडप से ही दुल्हन और पंडित दोनों गायब हो गए। बाराती बस एक-दूसरे का चेहरा देखते रह गए।
चौथी बार भी युवक ने खुद को संभाला। दुल्हन आई, शादी भी हुई, लेकिन विदाई के वक्त दुल्हन ने साथ जाने से इनकार कर दिया। अब विजेंद्र को यकीन हो गया कि उसके साथ बड़ा धोखा हो रहा है। उसने चार शादियों में करीब 3 लाख 85 हजार रुपये खर्च किए, लेकिन न एक बार सुहागरात मना सका और न ही उसका अकेलापन दूर हुआ।
जब युवक ने अपने पड़ोसियों – पप्पू भारती, अमर भारती, भंवरी देवी और राकेश भारती से पैसे लौटाने की बात कही, तो पहले उसे दो महीने का वक्त देने का बहाना बनाया गया। लेकिन जब विजेंद्र ने बार-बार पैसे मांगे, तो उसे झूठे मुकदमे में फंसाने और जेल भेजने की धमकी दी गई। अब युवक ने थक-हारकर पुलिस का दरवाजा खटखटाया है और इन चारों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। उसे उम्मीद है कि इस बार उसे न्याय मिलेगा – भले ही दुल्हन न मिली हो, इंसाफ तो मिले।
Share this content:
