पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या, पहले शराब पिलाई फिर नहर में फेंका — पुलिस ने केरल से पकड़ा
कर्नाटक के दावणगेरे जिले के चन्नगिरी तालुका से एक दिल दहला देने वाला मर्डर केस सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने प्रेमी और उसके दोस्त के साथ मिलकर अपने पति की बेरहमी से हत्या कर दी।
मृतक की पहचान निंगप्पा के रूप में हुई है, जो अन्नापुरा गांव का रहने वाला था और सुपारी का व्यवसाय करता था। उसकी पत्नी लक्ष्मी (38) ने अपने प्रेमी तिपेश नाइक (42) के साथ मिलकर यह साजिश रची।
लक्ष्मी और निंगप्पा की शादी को आठ साल हो चुके थे, लेकिन संतान न होने के कारण उनके बीच तनाव था। बाद में लक्ष्मी को पता चला कि निंगप्पा जैविक रूप से पिता बनने में अक्षम है। इसी दौरान लक्ष्मी की निंगप्पा के मजदूर दोस्त तिपेश नाइक से नज़दीकियां बढ़ीं और दोनों में अवैध संबंध बन गए।
लक्ष्मी गर्भवती हो गई, लेकिन जब निंगप्पा को शक हुआ, तो उसने पत्नी को अस्पताल ले जाकर गर्भपात करवा दिया। इसके बाद लक्ष्मी ने पति की हत्या की योजना बनाई।
18 जनवरी 2024 को लक्ष्मी और तिपेश ने निंगप्पा को शराब पार्टी के बहाने नल्लूर गांव बुलाया। वहां उसे शराब के नशे में धुत कर उन्होंने भद्रा नहर में फेंक दिया। हत्या के बाद लक्ष्मी ने पुलिस में झूठी शिकायत दर्ज कराई कि उसका पति फिसलकर नहर में गिर गया है।
हत्या के बाद तिपेश काम के बहाने केरल चला गया और कुछ समय बाद लक्ष्मी भी उसके पास चली गई। लक्ष्मी ने अपने परिवार को बिना जानकारी दिए घर छोड़ दिया, जिसके बाद परिजनों ने उसे लापता घोषित कर चन्नगिरी पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने लक्ष्मी के व्यवहार पर संदेह करते हुए तिपेश के दोस्त संतोष (40) से पूछताछ की। संतोष ने पूछताछ में सारा सच उगल दिया — प्रेम संबंध, गर्भवती होना, गर्भपात, और हत्या की साजिश।
गिरफ्तारी:
इसके बाद पुलिस ने केरल जाकर लक्ष्मी और तिपेश को गिरफ्तार कर लिया और तीसरे आरोपी संतोष को भी हिरासत में ले लिया। तीनों पर हत्या, साजिश और साक्ष्य मिटाने के आरोप में केस दर्ज किया गया है।
Share this content:
