छत्तीसगढ़: नवा रायपुर में दोस्तों ने प्रेम संबंध के शक में युवक की गिट्टी खदान में हत्या की, दोनों आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर से एक हैरान कर देने वाला मर्डर केस सामने आया है, जहां दो युवकों ने अपने ही दोस्त को प्रेम संबंध के शक में बेरहमी से मार डाला। आरोपियों ने मृतक को पहले शराब पार्टी का झांसा देकर गिट्टी खदान ले जाया, फिर वहीं पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करके उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को बोरी में भरकर खदान में फेंक दिया गया।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान दिनेश दास मानिकपुरी उर्फ माडल (25 वर्ष) के रूप में हुई है। उसे मारने वाले आरोपी सोहन कंडारा उर्फ पिंटू (25 वर्ष) और साहेब दास मानिकपुरी (19 वर्ष) हैं, जिनकी गिरफ्तारी कर ली गई है। दिनेश और सोहन बचपन के दोस्त थे, लेकिन सोहन को शक था कि दिनेश का उसके घर की एक लड़की से प्रेम संबंध चल रहा है। इसी रंजिश में उसने अपने साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
घटना 20 जुलाई की दोपहर की है, जब सोहन और साहेब मोपेड लेकर दिनेश के पास पहुंचे और पार्टी का झांसा देकर उसे गिट्टी खदान ले गए। वहां तीनों ने शराब पी, लेकिन दिनेश को जानबूझकर ज्यादा शराब पिलाई गई। इसके बाद प्रेम संबंध का आरोप लगाकर दोनों ने दिनेश पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शव को बोरी में भरकर खदान में फेंकने के बाद दोनों आरोपी घर लौट आए और अगले दिन अपने काम पर भी चले गए।
जब दिनेश घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने मंदिर हसौद थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने आरोपियों से भी पूछताछ की, लेकिन उन्होंने अनजान बनने की कोशिश की। गुरुवार सुबह जब शव पानी में तैरता मिला, तब पुलिस ने पूरे मामले की जांच तेज की और साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इसी रात रायपुर के सड्डू बैरागी इलाके में एक और हत्या का मामला सामने आया, जहां देवेंद्र चंदवानी उर्फ राजा नामक युवक की उसके ही दोस्तों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में भी एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और जांच जारी है।
Share this content:
