सरकारी बैन के बाद एकता कपूर ने तोड़ी चुप्पी, कहा – 4 साल पहले ही ALT ऐप से कर लिया था किनारा
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर बढ़ रही अश्लीलता को लेकर केंद्र सरकार ने कड़ा कदम उठाया है। सरकार ने 25 ओटीटी ऐप्स पर प्रतिबंध लगा दिया है, जिनमें एकता कपूर की पूर्व स्वामित्व वाली ALTT ऐप का नाम भी शामिल है। बैन के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं आने लगीं, जिसके बाद खुद एकता कपूर को इस मामले में सफाई देनी पड़ी।
एकता कपूर ने स्पष्ट किया है कि उन्होंने और उनकी मां शोभा कपूर ने साल 2021 में ही ALTT ऐप से नाता तोड़ लिया था। उन्होंने कहा कि अब यह ऐप बालाजी टेलीफिल्म्स का हिस्सा नहीं है, और उनकी कंपनी सभी कानूनी दिशा-निर्देशों का पालन करती है। ऐसे में उन्हें या उनकी कंपनी को इस ऐप के कंटेंट के लिए जिम्मेदार ठहराना गलत होगा।
सरकार ने यह प्रतिबंध उन ऐप्स पर लगाया है, जो कथित रूप से अश्लील वीडियो और सामाजिक मर्यादाओं को तोड़ने वाले कंटेंट का प्रसारण कर रही थीं। इनमें ALTT के अलावा ULLU, नवरसा, गुलाब जैसे प्लेटफॉर्म्स भी शामिल हैं। सरकार का कहना है कि ये ऐप्स समाज में गलत संदेश फैला रही थीं और परिवारिक मूल्यों को कमजोर कर रही थीं।
इससे पहले भी एकता कपूर ने ALTT को लेकर सफाई दी थी। उन्होंने कहा था कि यह ऐप उन्होंने उन विषयों पर बात करने के लिए लॉन्च किया था, जिन पर आमतौर पर समाज बात करने से कतराता है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया था कि बाद में चीजें उनके नियंत्रण से बाहर चली गईं, और उन्होंने खुद भी असहज महसूस किया।
अब जब सरकार ने इस ऐप को बैन किया है, एकता ने फिर दोहराया है कि चार साल पहले ही उन्होंने इसका संचालन छोड़ दिया था। उनका कहना है कि अब उनका इस ऐप से कोई भी सीधा या परोक्ष संबंध नहीं है, और बालाजी टेलीफिल्म्स पूरी तरह से नियमों के दायरे में काम कर रही है।
Share this content:
