टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन की FY25 सैलरी चौंकाने वाली, 156 करोड़ रुपये तक पहुंची कमाई
टाटा समूह की होल्डिंग कंपनी टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन को वित्त वर्ष 2024-25 में कुल ₹155.81 करोड़ का वेतन मिला है। इस सैलरी पैकेज के साथ वे भारत के सबसे अधिक वेतन पाने वाले कॉर्पोरेट लीडर्स में शुमार हो गए हैं। यह आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में करीब 15% अधिक है। गौर करने वाली बात यह है कि यह बढ़ोतरी उस समय हुई है जब टाटा संस के मुनाफे में गिरावट दर्ज की गई।
टाटा संस की सालाना रिपोर्ट के अनुसार, FY25 में कंपनी का लाभ ₹34,654 करोड़ से घटकर ₹26,232 करोड़ पर आ गया, जो करीब 24.3% की गिरावट है। इसके बावजूद चंद्रशेखरन की सैलरी में इज़ाफा हुआ। रिपोर्ट के मुताबिक, ₹15.1 करोड़ वेतन और भत्तों के रूप में और ₹140.7 करोड़ परफॉर्मेंस बेस्ड कमीशन के रूप में दिए गए। यह कुल कंपनसेशन FY24 के ₹135 करोड़ की तुलना में 15 प्रतिशत अधिक है।
एन. चंद्रशेखरन ने 7 जुलाई को इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड की सालाना बैठक में भारत के आर्थिक भविष्य को लेकर आशावादी दृष्टिकोण जताया। उन्होंने कहा कि भारत का भविष्य “बेहद मजबूत और उज्ज्वल” है और बढ़ती खपत से पर्यटन जैसे क्षेत्रों में भी तेजी देखी जाएगी। उनका मानना है कि यह वृद्धि भारतीय अर्थव्यवस्था को वैश्विक स्तर पर और अधिक मजबूती देगी।
एन. चंद्रशेखरन का करियर भी बेहद प्रभावशाली रहा है। वे अक्टूबर 2016 में टाटा संस के बोर्ड में शामिल हुए और जनवरी 2017 में अध्यक्ष बने। इससे पहले उन्होंने 30 साल तक टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) में काम किया, जहां वे CEO और MD भी रहे। उनके नेतृत्व में TCS भारत की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी। वर्तमान में वह टाटा स्टील, टाटा मोटर्स जैसी प्रमुख कंपनियों के बोर्ड में भी चेयरमैन हैं।
Share this content:
