May 1, 2026

बांग्लादेश में एयरफोर्स का विमान कॉलेज पर गिरा, 22 की मौत, 170 से अधिक घायल

बांग्लादेश की राजधानी ढाका सोमवार को उस समय एक भीषण हादसे का गवाह बनी जब वायुसेना का एक मल्टीरोल फाइटर जेट F-7BGI उत्तरा इलाके के माइलस्टोन स्कूल एंड कॉलेज की इमारत पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हादसा दोपहर लगभग 1:30 बजे हुआ, जिसमें अब तक 22 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 170 से अधिक लोग घायल हुए हैं। मरने वालों में कई छात्र भी शामिल हैं, जिससे पूरे देश में शोक की लहर फैल गई है।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 25 से ज्यादा घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इमारत का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह ढह गया और मलबे में कई लोग दब गए। बचाव कार्य जारी है और शव अभी भी अस्पतालों में पहुंच रहे हैं।

घटना के बाद देश के प्रमुख सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने हादसे की उच्चस्तरीय जांच का आश्वासन दिया है। उन्होंने अस्पतालों में भीड़भाड़ न करने की अपील की है ताकि घायलों को बेहतर इलाज मिल सके। साथ ही सरकार ने इस त्रासदी पर एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है।

मोहम्मद यूनुस ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि यह घटना पूरे देश के लिए एक अभूतपूर्व त्रासदी है। उन्होंने कहा कि “शब्द कम पड़ रहे हैं, यह हादसा किसी की भी कल्पना से परे था। माता-पिता अब भी अपने बच्चों को खोज रहे हैं, कुछ शायद उन्हें कभी पहचान भी न पाएं।”

इस हादसे को बांग्लादेश के एविएशन इतिहास का सबसे बड़ा हवाई हादसा माना जा रहा है। हादसे के बाद उत्तरा के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है, और प्रभावित परिवारों में मातम पसरा हुआ है। यूनुस सरकार और रक्षा मंत्रालय पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और राहत कार्यों में तेजी लाने के प्रयास हो रहे हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!