साउथ अफ्रीका फाइनल में पहुंची, न्यूजीलैंड से होगा खिताबी मुकाबला
जिम्बाब्वे में जारी टी20 ट्राई सीरीज के चौथे मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेज़बान जिम्बाब्वे को 7 विकेट से हरा दिया। यह मैच हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया, जहां जीत के साथ ही साउथ अफ्रीका ने 26 जुलाई को होने वाले फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। अब उसका मुकाबला न्यूजीलैंड से होगा।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी। अफ्रीकी गेंदबाज कॉर्बिन बॉश और नांद्रे बर्गर ने नई गेंद से बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए जिम्बाब्वे को शुरुआती झटके दिए। 10 ओवर में टीम का स्कोर 55/3 रहा, लेकिन ब्रायन बेनेट की 61 रनों की तेजतर्रार पारी और रयान बर्ल के साथ 78 रन की साझेदारी ने टीम को संभाला और स्कोर 144/6 तक पहुंचाया। साउथ अफ्रीका की ओर से कॉर्बिन बॉश ने 2 विकेट झटके, वहीं नकाबायोमजी पीटर को भी एक सफलता मिली।
145 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अफ्रीका की शुरुआत भी लड़खड़ाई। मापोसा ने शुरुआती झटके दिए, लेकिन इसके बाद रुबिन हरमन और कप्तान रासी वैन डर डुसेन ने पारी को पटरी पर ला दिया। हरमन ने 63 और वान डर डुसेन ने नाबाद 52 रन बनाए। दोनों के बीच 106 रनों की साझेदारी हुई, जिससे टीम ने 17.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
अब सीरीज का फाइनल मुकाबला साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच 26 जुलाई को खेला जाएगा, जो ट्रॉफी का असली फैसला करेगा।
Share this content:
