May 5, 2026

शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बावजूद कंपनियों की जबरदस्त कमाई, IPO से जुटाए 45 हजार करोड़

साल 2025 की पहली छमाही में शेयर बाजार वैश्विक तनावों और आर्थिक अनिश्चितताओं के चलते हिचकोले खाता रहा, लेकिन इसके बावजूद कंपनियों ने आईपीओ के जरिए रिकॉर्डतोड़ पूंजी जुटाने में सफलता हासिल की। जनवरी से जून 2025 के बीच सिर्फ 24 कंपनियों ने IPO लॉन्च किए, लेकिन उन्होंने मिलकर कुल 45,351 करोड़ रुपये जुटाए। यह पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 45 फीसदी अधिक है।

2024 की पहली छमाही में जहां 36 कंपनियों ने IPO के जरिए 31,281 करोड़ रुपये जुटाए थे, वहीं इस बार IPO की संख्या भले ही घटकर 24 रह गई, लेकिन प्रति IPO औसतन जुटाई गई रकम में बड़ा इजाफा देखने को मिला। इससे साफ है कि इस बार कंपनियां कम संख्या में आईं, लेकिन मजबूत रणनीति और निवेशकों के भरोसे के साथ उतरीं।

विशेषज्ञों का कहना है कि मजबूत घरेलू निवेश प्रवाह, सकारात्मक निवेश माहौल और कंपनियों की विकास संभावनाएं इस बढ़त की प्रमुख वजहें हैं। मर्चेंट बैंकरों का डेटा भी यही दर्शाता है कि भले ही मार्केट में अनिश्चितता बनी रही, लेकिन IPO बाजार ने स्थिरता बनाए रखी और निवेशकों को आकर्षित किया।

आने वाले महीनों को लेकर विशेषज्ञों का अनुमान है कि 2025 की दूसरी छमाही में IPO मार्केट सतर्क रुख के साथ मजबूती से आगे बढ़ेगा। कंपनियों का सेबी में दस्तावेज जमा करना इस रुझान की पुष्टि करता है। यानी बाजार की अस्थिरता के बावजूद IPO एक भरोसेमंद निवेश का जरिया बना हुआ है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!