May 5, 2026

उन्नाव में सिरफिरे युवक ने युवती को चाकू से गोदा, इलाज के दौरान मौत

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक सिरफिरे युवक ने घर में घुसकर एक युवती पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती को पहले जिला अस्पताल और फिर कानपुर के हैलेट अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना उन्नाव के सदर कोतवाली क्षेत्र के आदर्श नगर की है। जानकारी के मुताबिक, अचलगंज थाना क्षेत्र के बल्लू खेड़ा गांव निवासी 24 वर्षीय दिलीप, 22 वर्षीय प्रीति से मिलने उसके घर गया था। बातचीत के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई, जिसके बाद दिलीप ने अचानक चाकू निकालकर प्रीति पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।

लड़की की चीख-पुकार सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे तुरंत कानपुर हैलेट अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस फिलहाल आरोपी युवक की तलाश कर रही है। सीओ सदर सोनम सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतका के परिजन इस मामले में खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं और उनका दावा है कि वे आरोपी को जानते तक नहीं थे।

इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग हैरान हैं कि एक युवक इतनी आसानी से घर में घुसकर इस तरह की घटना को अंजाम दे गया। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपी को जल्द पकड़ा जाएगा और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!