झारखंड में दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात, रांची के दो बिल्डरों से 50 लाख रुपये लूटकर फरार हुए हथियारबंद बदमाश
झारखंड के बोकारो जिले में फिल्मी अंदाज में हुई एक बड़ी वारदात ने पुलिस प्रशासन की नींद उड़ा दी है। रांची के दो बिल्डरों को दिनदहाड़े कार से अगवा कर बदमाशों ने उनसे 50 लाख रुपये नकद लूट लिए। ये पूरी घटना चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अलकुशा मोड़ के पास घटी, जहां बिल्डरों की कार को इशारा कर रुकवाया गया और फिर हथियारों के दम पर उन्हें उठा लिया गया।
पीड़ितों की पहचान रांची के नामी बिल्डर अभय सिंह और जय सिंह के रूप में हुई है। दोनों कारोबारी रांची से धनबाद जा रहे थे और रास्ते में बोकारो पार कर रहे थे। अलकुशा मोड़ के पास वर्दी पहने कुछ लोगों ने अपनी गाड़ी से उतरकर उनकी कार को रोकने का इशारा किया। जैसे ही कार रुकी, बदमाशों ने जबरन दरवाजा खोला और दोनों को अपनी गाड़ी में बैठाकर ले गए।
बिल्डरों ने पुलिस को बताया कि बदमाश उन्हें सुनसान इलाके में ले गए और उनके पास से 50 लाख रुपये लूट लिए। इसके बाद दोनों को एक अलग जगह छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित किसी तरह चास मुफस्सिल थाना पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने उनकी शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
गौर करने वाली बात ये है कि जिस वक्त यह घटना हुई, उस समय घटनास्थल के पास कई ग्रामीण मौजूद थे। कुछ लोगों ने बदमाशों का पीछा भी किया और उन पर पथराव करने की कोशिश की, लेकिन अपराधी भाग निकलने में सफल रहे।
फिलहाल बोकारो पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष जांच टीम गठित की है, जो घटनास्थल और संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। एसपी के नेतृत्व में टीम लुटेरों की पहचान और गिरफ्तारी की दिशा में लगातार काम कर रही है।
Share this content:
