ग्लोबल सुपर लीग 2025: गुयाना अमेजन वारियर्स ने रचा इतिहास, पहली बार बना चैंपियन
ग्लोबल सुपर लीग 2025 को इस बार नया विजेता मिल गया है। गुयाना अमेजन वारियर्स ने फाइनल मुकाबले में रंगपुर राइडर्स को 32 रन से हराकर पहली बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। इमरान ताहिर की कप्तानी में गुयाना की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
गुयाना की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट पर 196 रन बनाए। रहमानुल्लाह गुरबाज और जॉनसन चार्ल्स की शानदार साझेदारी ने टीम की नींव मजबूत की। गुरबाज ने 38 गेंदों पर 66 रन और चार्ल्स ने 48 गेंदों पर 67 रन बनाए। रदरफोर्ड और रोमारियो शेफर्ड ने अंतिम ओवरों में आक्रामक पारी खेलकर स्कोर को मजबूत किया। शेफर्ड ने महज 9 गेंदों में नाबाद 28 रन ठोके।
रंगपुर राइडर्स की बल्लेबाजी की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। टीम ने अपने शीर्ष तीन विकेट सिर्फ 29 रन पर गंवा दिए। हालांकि सैफ हसन और इफ्तिखार अहमद ने बीच के ओवरों में 73 रन की साझेदारी कर मैच में वापसी की कोशिश की, लेकिन टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी और 164 रनों पर ऑलआउट हो गई।
गुयाना की ओर से ड्वेन प्रिटोरियस ने 3 विकेट चटकाए, जबकि कप्तान इमरान ताहिर और गुडाकेश मोती को 2-2 सफलता मिली। मोईन अली ने भी एक विकेट लिया। गुरबाज को प्लेयर ऑफ द मैच और कप्तान इमरान ताहिर को शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज घोषित किया गया। ताहिर ने 5 मैचों में 14 विकेट लिए।
इस जीत के साथ गुयाना अमेजन वारियर्स ने पहली बार ग्लोबल सुपर लीग का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है, वहीं रंगपुर राइडर्स का लगातार दूसरी बार फाइनल हारने का सपना अधूरा रह गया।
Share this content:
