पटना में मर्डर का जश्न! चंदन मिश्रा के हत्यारों की नई तस्वीर वायरल, बाइक पर लहराई पिस्टल
बिहार के पटना में कुख्यात चंदन मिश्रा हत्याकांड लगातार नए मोड़ ले रहा है। अब इस मामले में एक नई तस्वीर सामने आई है, जिसमें हत्या को अंजाम देने वाले तीन आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार होते नजर आ रहे हैं। इस दौरान एक आरोपी ने खुलेआम पिस्टल लहराई, मानो वह हत्या का जश्न मना रहा हो। यह तस्वीर एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
इससे पहले पारस अस्पताल के अंदर का सीसीटीवी फुटेज सामने आया था, जिसमें पांचों आरोपी ICU वार्ड में घुसकर चंदन मिश्रा को गोली मारते नजर आए थे। लेकिन अब जो नया फुटेज सामने आया है, वह अस्पताल से भागते वक्त का है। तस्वीर में बाइक पर तीन बदमाश नजर आ रहे हैं। आगे बैठे व्यक्ति ने हेलमेट पहन रखा है, जबकि बीच में बैठे आरोपी के हाथ में पिस्टल दिखाई दे रही है।
पुलिस ने इस हत्याकांड में पांच आरोपियों की पहचान की है, जिनमें से एक तौसीफ रजा उर्फ बादशाह को हिरासत में लिया गया है। तौसीफ फुलवारी शरीफ का रहने वाला है और सूत्रों के मुताबिक उसी ने इस हत्या की अगुवाई की थी। अब यह जांच की जा रही है कि उसने यह हत्या सुपारी लेकर की या फिर किसी आपसी दुश्मनी के चलते।
बाकी चार आरोपी – आकिब मालिक, सोनू, कालू उर्फ मुस्तकीम और भिंडी उर्फ बलवंत सिंह – अभी फरार हैं। पुलिस उनके खिलाफ सघन छापेमारी अभियान चला रही है। चंदन मिश्रा पर 24 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे और वह खुद भी पटना का कुख्यात अपराधी माना जाता था।
पुलिस इस हत्याकांड को आपराधिक वर्चस्व की लड़ाई से जोड़कर देख रही है। एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के अनुसार, सभी आरोपियों की पूरी हिस्ट्री खंगाली जा रही है और जल्द ही बाकी चारों की गिरफ्तारी भी हो सकती है। फिलहाल, तौसीफ से पूछताछ जारी है और नए खुलासों की उम्मीद है।
Share this content:
